आसमान से तबाही बनकर बरसे बादल, हिमाचल में 530 सड़कें बंद; शिमला में लैंड स्लाइड में दो की मौत

 

Mhara Hariyana News, Shimla
हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर से बिगड़ गया है। राजधानी शिमला में रेड अलर्ट के बीच मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी है। राजधानी में भारी बारिश से तबाही हुई है। रात से ही घरों और सड़कों पर पेड़ ढह रहे है। कई सड़कें भूस्खलन से बंद हो गई हैं। कृष्णानगर, नाभा, फागली, कोमली बैंक में भूस्खलन का खतरा मंडरा गया है। शिमला के गांव शोल (बलदेयां) में भारी भूस्खलन में एक प्रवासी दंपती की मौत हो गई है।

बारिश से शिमला, मंडी, कुल्लू और अन्य जिलों में भारी नुकसान हुआ है। हिमाचल में भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच तीन एनएच और 530 सड़कें ठप हो गई हैं। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार रात से भारी बारिश का दौर जारी है। 

आज और कल प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 27 अगस्त तक मौसम खराब रहेगा। शिमला-चंडीगढ़, कुल्लू-मनाली और मंडी-पठानकोट एनएच बंद होने से कई क्षेत्रों का संपर्क कट गया है। सोलन, शिमला, मंडी और हमीरपुर जिला में बिजली संकट गहरा गया है। 

प्रदेश में भारी बारिश से कुल 2897 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। आधे से अधिक इन चार जिलों में ही हैं। हमीरपुर में 376, मंडी में 1142, शिमला में 598 और सोलन में 410 ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। 12 सौ सड़कें बंद और 25 सौ रूट बाधित हो गए हैं।
नदी नाले उफान पर हैं। पुलिस निदेशालय ने मकान खाली कराए हैं। प्रभावित इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल में तबाही बनकर बरसती बारिश के बीच खुद पल-पल का अपडेट लेते रहे। 
 
शिमला में मलबे से दबाकर दो की मौत

शिमला के गांव शोल (बलदेयां) में भारी भूस्खलन में एक प्रवासी दंपती दब गया। सूचना मिलते ही एसएचओ ढली, प्रभारी पीपी मशोबरा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां गांव में लैंड स्लाइड प्वाइंट के पास पति-पत्नी के दो शव बरामद हुए हैं। दंपती ठेकेदार हरिओम शर्मा की कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूरी कर रहे थे। उधर, आईएसबीटी में रात को पहाड़ी खिसकने से बस दब गई।

उधर, सोलन के बद्दी मुख्य बैरियर पुल का एक पिलर ढह गया है। पुल बीच में झुक गया है। अब पुल पर यातायात स्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। लोग पैदल यात्रा भी नहीं कर सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि चंडीगढ़ पंचकुला से सिसवां रोड के माध्यम से यात्रा करने वाले लोग बीबीएन में प्रवेश के लिए मारनवाला बरोटीवाला के माध्यम से वैकल्पिक मार्ग ले सकते हैं।
 
उधर, नदी नालों के किनारे मकान खाली कराए हैं। पुलिस पेट्रोलिंग कर रही है। अनावश्यक घर से बाहर न निकले की अपील की गी है। हिमाचल पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने परिवहन निगम के चालकों को बस चलाने को लेकर किसी भी तरह का जोखिम न लेने के निर्देश दिए हैं।