रूस की अमेरिका को धमकी: एटमी चेतावनी कोई ड्रामा नहीं

रूस-यूक्रेन जंग के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने न्यूक्लियर हमले की धमकी दे दी है।
 

Mhara Hariyana News
रूस-यूक्रेन जंग के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने न्यूक्लियर हमले की धमकी दे दी है। देश के नाम संबोधन के दौरान पुतिन ने अमेरिका समेत पश्चिमी देशों को धमकी देते हुए ऐलान किया कि कोई भी न्यूक्लियर अटैक की चेतावनी को हल्के में ना ले।

उन्होंने कहा- पश्चिमी देश रूस को तबाह और कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं। इन देशों ने हद पार कर दी है। अब अगर रूस पर खतरा मंडराया तो परमाणु हमला भी कर देंगे। एटमी चेतावनी कोई ड्रामा नहीं है।

यूक्रेन पर कब्जे की तैयारियां तेज
पुतिन ने अपने संबोधन के दौरान यूक्रेन में सैनिक बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने सेना के मोबिलाइजेशन को लेकर एक डिक्री पर साइन किया है। इसके तहत रूस 3 लाख रिजर्व सैनिकों को इकट्ठा कर रहा है। दरअसल, पुतिन ने रूस की मिलिट्री पावर को बढ़ाने के साथ यूक्रेन के डोनबास पर अपना कब्जा जमाने की तैयारी तेज कर दी है। डोनबास के अलावा रूस यूक्रेन के खेरसॉन और जपोरिजिया को अपना हिस्सा बनाने की कोशिश कर रहा है। पुतिन ने इन इलाकों में जनमत संग्रह कराने का आदेश दिया है।

ऐसे में आने वाले दिनों में डोनेट्स्क, लुहांस्क, खेरसॉन और जपोरिजिया में रहने वाले लोग रूस में शामिल होने पर वोट करेंगे। इस इलाके में रूसी भाषी लोगों की संख्या काफी ज्यादा है। यहां रूस के कब्जे का मतलब यूक्रेन का आर्थिक रूप से तबाह होना है।