आलू कोल्ड स्टोरेज की छत गिरी, आठ लोगों की मौत, 10 के दबे होने की आशंका

 

Mhara Hariyana News, Sambal
उत्तर प्रदेश के संभल के चंदौसी इलाके में आलू कोल्ड स्टोरेज की छत गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई है। 11 लोगों को बचा लिया गया है, अभी भी कुछ लोग और मलबे में फंसे हुए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं।

डीआईजी शलभ माथुर ने बताया कि अभी तक 11 लोगों को बचा लिया गया है, आठ लोगों की मौत हुई है। अभी भी कुछ लोग लापता हैं। बचाव अभियान अभी भी लगातार चल रहा है।

भरभराकर गिरी छत
उत्तर प्रदेश के संभल के चंदौसी के इस्लाम नगर रोड स्थित एआर कोल्ड स्टोर के एक हिस्से की छत भरभरा कर गिर गई। अभी तक 11 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। आठ लोगों की मौत हुई है। अभी भी कुछ लोग लापता हैं। बचाव अभियान अभी भी लगातार चल रहा है।

30 मजदूर कर रहे थे काम
जानकारी के अनुसार सुबह इस्लाम नगर रोड स्थित एआर कोल्ड स्टोर के एक हिस्से की छत भरभरा कर गिर गई। उस वक्त करीब 30 मजदूर अंदर काम कर रहे थे। 
घंटों की मशक्कत के बाद 19 मजदूरों को बाहर निकाला जा सका, जिनमें से आठ की मौत हो गई। अभी भी कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है। 

शीतगृह में किया जा रहा था आलू भरने का काम
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शीतगृह में सुबह से आलू भरने का काम किया जा रहा था। शीतगृह के कुछ समय पहले बने नए हिस्से में करीब 30 मजदूर आलू के बोरे रैक पर रख रहे थे। 
क्षमता से अधिक आलू भरने से करीब 11 बजे एक रैक गिर पड़ी। काम में लगे मजदूर संभल पाते कि इससे पहले ही छत भी गिर गई। 

मलबे व बोरों में दब गए मजदूर 
मजदूर छत के मलबे और आलू के बोरों में दब गए। परिसर में मौजूद अन्य मजदूर मदद के लिए दौड़े लेकिन साथियों तक पहुंचने का रास्ता न होने से असहाय बनकर रह गए। करीब आधे घंटे बाद पुलिस और दमकल टीमों ने राहत और बचाव की कोशिशें शुरू कीं। 

मलबा हटाने का काम जारी
मजदूरों तक पहुंचने का रास्ता बनाने के लिए 12 जेसीबी, आठ हाइड्रा काम पर लगाई गईं। दोपहर बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी पहुंच गईं। मशीनों से मलबा हटाकर रात 1.45 बजे तक 15 मजदूरों को बाहर निकाला जा सका, जिनमें से पांच को मृत घोषित कर दिया गया। 

मृतक व घायल
गांव एतोल निवासी रोहताश उर्फ टीटी (28), बर्रई गांव के राकेश (30) और इश्तियाक (30) निवासी मई की मौत हो गई। दो मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। महेश (30), सूरज (30), किशोरी (26), भूरे (26) निवासी एतोल, राममोहन (32), प्रेम (27) निवासी कैथल, मनोज (28) निवासी बर्रई, रूप सिंह (35), अरुण (30) निवासी रामनगर, राजेंद्र (30) निवासी बर्रई घायल हैं। गंभीर घायलों को मुरादाबाद के टीएमयू में भर्ती कराया गया है।

गुस्साए लोगों ने की तोड़फोड़
मजदूरों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शीतगृह संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गुस्साए लोगों ने संचालक के केबिन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। रोकने की कोशिश पर लोगों की पुलिस से नोकझोंक होने लगी। अधिकारियों ने राहत कार्य को प्राथमिकता बताते हुए लोगों को शांत किया।