एकहि बाण प्राण हर लीन्हा, दीन जान तेही निज पद दीन्हा

ताड़का वध के दृश्य को देखने पहुंचे सैंकड़ों दर्शक
 

Mhara Hariyana News: सिरसा : श्री रामा क्लब के मंच पर तीसरे दिन ताड़का वध का रोमांचक दृश्य मंचित किया गया। इस दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक उमड़े। इंटरनेट व यू टयूब के जमाने में भी रामा क्लब की रामलीला को देखने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में लोग सपरिवार आ रहे हैं।

जनता भवन रोड स्थित श्री रामा क्लब चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित 73वां रामलीला महोत्सव बड़े भव्य तरीके से चल रहा है। प्रधान अश्वनी बठला, महासचिव गुलशन गाबा, निदेशक गुलशन वधवा व विजय ऐलावादी के मार्गदर्शन में बड़े ही सात्विक भाव से रामलीला मंचन किया जा रहा है।

मंचन के तीसरे दिन सर्वप्रथम राजा दशरथ का अपने चारों पुत्रों राम, लक्ष्मण, भरत व शुत्रुघ्न के साथ खेलने का भावपूर्ण दृश्य मंचित किया गया। भगवान की बाललीला देखकर दर्शक भाव विभोर हो गए। तत्पश्वात दशरथ दरबार का दृश्य दिखाया गया।

जहां ऋषि विश्वामित्र पहुंचते हैं। वे दशरथ को बताते हैं कि उनके यज्ञ को ताड़का राक्षसी और मारीच सुबाहु इत्यादि राक्षस विध्वंस कर देते हैं। वे दशरथ से राम व लक्ष्मण को अपने साथ ले जाने का वचन लेते हैं। दशरथ एक बार तो मना कर देते हैं परंतु उन्हें समझाने पर वे अपने दोनों राजकुमारों को वन में भेजने के लिए राजी हो जाते हैं। वन में विश्वामित्र राम लक्ष्मण को अस्त्र शस्त्र चलाने सीखाते हैं।

तत्पश्चात राक्षसी ताड़का का दृश्य मंचित किया गया। अति खौफनाक व भयानक दृश्य का मंचन किया गया। लाइट व साउंड से दृश्य को जींवत बनाया गया। कलाकार संजय सोनी ने ताड़का का खतरनाक किरदार निभाया और दर्शकों को खूब डराया। इस दृश्य को देखने के लिए हजारों लोग मौजूद रहे। राम लक्ष्मण व ताड़का के बीच युद्ध का अद्भूत मंचन किया गया। बाद में भगवान राम एक ही बाण से राक्षसी ताड़का का वध कर देते हैं। कथा व्यास से रामचरित मानस के श्लोक - एकहि बाण प्राण हर लीन्हा, दीन जान तेही निज पद दीन्हा का उच्चारण कर दृश्य को और जीवंतता प्रदान की।

ताड़का के बाद सुबाहु राक्षस को मारना और उनकी मृत्यु के उपरांत विलाप करते हुए राक्षसों का हास्य पूर्ण दृश्य दिखाया गया, जिसे देख कर दर्शक लौट पोट हो गए।

राम के किरदार में ऋषभ गाबा, लक्ष्मण गौरव मेहता, संजय सोनी ताड़का, रमेश कुमार ने विश्वामित्र व आरव सेठी व हरमन कंबोज ने छोटे राम लक्ष्मण की भूमिका निभाई।

6 बजकर 9 मिनट पर होगा रावण दहन

रामा क्लब के द्वारा 73वें दशहरा महोत्सव की तैयारियां भी जोरों शोरों से जारी है। क्लब के प्रधान अश्वनी बठला व महासचिव गुलशन गाबा ने बताया कि 5 अक्टूबर को दोपहर सवा 12 बजे रामलीला ग्राउंड से भव्य शोभायात्रा रवाना होगी। जो शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए आटो मार्केट स्थित दशहरा ग्राउंड में पहुंचेगी। जहां रावण व कुंभकर्ण के पुतलों को शाम छह बजकर 9 मिनट पर अग्निभेंट किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के बिजलीमंत्री चौ. रणजीत सिंह मुख्यातिथि होंगे।