सदन में सरकार को घेरेंगे अभय सिंह, परिवर्तन यात्रा की कमान इनेलो सुप्रीमो चौटाला ने संभाली

यह यात्रा सात महीने तक चलेगी और हरियाणा के राजनीतिक इतिहास की यह सबसे लंबी यात्रा होगी

 
 

17 से 22 मार्च तक बजट सत्र के दौरान विधानसभा में उपस्थित रहेंगे अभय सिंह चौटाला

Mhara Hariyana News, Chandigarhm, चंडीगढ़। इनेलो के प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला 17 मार्च से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में अपने बेबाक अंदाज में फिर से सरकार पर हमला बोलते हुए नजर आएंगे। इनेलो पार्टी की तरफ से जनहित से जुड़े अति महत्वपूर्ण अठारह ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिए गए थे। हरियाणा की बदहाल कानून व्यवस्था, परिवार पहचान पत्र की दुश्वारियों, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर अभय सिंह चौटाला सरकार को घेरेंगे। अभय सिंह चौटाला जहां सदन में आवाम की आवाज को बुलंद करेंगे तो वहीं इनेलो सुप्रीमो चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने अब परिवर्तन यात्रा की कमान संभाल ली है। बजट सत्र खत्म होने के बाद अभय सिंह चौटाला फिर से पदयात्रा की कमान संभाल लेंगे।

अभय सिंह चौटाला 17 मार्च से लेकर 22 मार्च तक हरियाणा विधानसभा के सत्र में व्यस्त रहेंगे। जहां अभय विधानसभा में सरकार पर हमला बोलेंगे, तो इस दौरान परिवर्तन यात्रा की अगुवाई इनेलो सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला करेंगे।

परिवर्तन यात्रा ने हरियाणा की सियासी फिजा बदल कर रख दी है

24 फरवरी से शुरू हुई परिवर्तन यात्रा ने हरियाणा की सियासी फिजा बदल कर रख दी है। विशेष बात यह है कि उनकी यह यात्रा सात महीने तक चलेगी और हरियाणा के राजनीतिक इतिहास की यह सबसे लंबी यात्रा होगी। सात महीने तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान अभय सिंह चौटाला हरियाणा के 2000 गांवों में दस्तक देंगे और करीब 4200 किलोमीटर पैदल चलेंगे। इस यात्रा को मिल रहे अपार समर्थन के बाद विरोधी दलों में बेचैनी का आलम नजर आ रहा है। अभय चौटाला की इस यात्रा ने साल 1986 से 1987 में चौधरी देवीलाल के न्याय युद्ध की याद भी ताजा कर दी है। चौ. अभय सिंह चौटाला अपनी यात्रा के दौरान रात्रि पड़ाव इनेलो कार्यकर्ता के घर करते हैं। रात्रि पड़ाव के दौरान ग्रामीणों के साथ चारपाई पर बैठकर भोजन करते हैं और सुबह भी अपने कार्यकर्ता के यहां नाश्ता करने के बाद अगले पड़ाव की ओर निकलते हैं।

यात्रा में अभय चौटाला के दोनों बेटे कर्ण चौटाला और अर्जुन चौटाला भी उनके साथ चल रहे हैं

यात्रा में अभय चौटाला के दोनों बेटे कर्ण चौटाला और अर्जुन चौटाला भी उनके साथ चल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अभय चौटाला ने 24 फरवरी को मेवात के ऐतिहासिक गांव सिंगार से अपनी परिवर्तन यात्रा का आगाज किया था। यात्रा के दौरान अभय चौटाला हर रोज करीब एक दर्जन गांव कवर करते हुए करीब 20 से 22 किलोमीटर पैदल चलते हैं।

यात्रा के दौरान अभय सिंह चौटाला अपने दादा चौ. देवी लाल और पिता चौ. ओमप्रकाश चौटाला के पुराने साथियों से मुलाकात करते हैं और नौजवानों को चौ. देवी लाल से जुड़े किस्से भी चाव से सुनाते हैं। इनेलो नेता अपने दादा के समय से जुड़े बुजुर्गों से विशेष आशीर्वाद लेते हैं और वे इस यात्रा के दौरान तथ्यों के साथ सरकार पर हमले बोल रहे हैं। अभय चौटाला हरियाणा में बढ़ रही बेरोजगारी, अपराध और ‘परिवार पहचान पत्र’ को लेकर सरकार को घेरने का प्रयास कर रहे हैं।