मैरिट प्राप्त छात्राओं को किया सम्मानित

 

चोपटा। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाथूसरी कलां में हरियाणा विद्यालय बोर्ड द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं में मेरिट प्राप्त करने वाली छात्राओं को विद्यालय प्रशासन, ग्राम पंचायत एवं स्कूल प्रबंधन कमेटी द्वारा संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया।

छात्राओं को स्मृति चिन्ह, मैडल तथा नगद राशि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत नाथूसरी कलां की सरपंच रीटा कासनियां ने कहा की जीवन में सफलता प्राप्त करने और कुछ अलग करने के लिए शिक्षा सभी के लिए एक बहुत महत्वपूर्ण साधन है।

यह हमें जीवन के कठिन समय में चुनौतियों से सामना करने में सहायता करती है। आगामी वर्ष के दौरान मैरिट प्राप्त करने वाली छात्राओं को पंचायत की तरफ  से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। प्राचार्य सतवीर सिंह ढिढारिया ने कहा कि शिक्षा आज के युग में सबसे सशक्त साधन है। शिक्षा के बल पर ही आज समाज में प्रत्येक वर्ग उन्नति कर रहा है। वास्तव में शिक्षा एक सफल जीवन का सबसे सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि आज विद्यालय की छात्राओं ने 10वीं कक्षा में 9 तथा 12वीं कक्षा में इस वर्ष 15 छात्राओं ने मैरिट प्राप्त की। इसी तरह साइंस संकाय में विद्यालय की छात्रा सविता ने ब्लॉक में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस अवसर पर प्रवक्ता विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बृजलाल, कालूराम भडिय़ा, खिराज कसवां, भूप सिंह कड़वासरा, बलराम, प्रवक्ता दलबीर सहित विद्यालय स्टाफ  तथा ग्राम पंचायत एवं एसएमसी के सदस्य मौजूद रहे।