अपने संघर्ष की बदौलत भारत के उप प्रधानमंत्री के पद पर आसीन हुए चौ. देवीलाल : बिजली मंत्री रणजीत सिंह

 

Mhara Hariyana News, Sirsa
सिरसा। पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. चौधरी देवीलाल के आदर्शों पर चलकर ही मैंने अपना राजनीतिक जीवन शुरु किया है और उन्ही के बताए रास्ते पर चलकर जनता की सेवा कर रहा हूं।


ये बात हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने सोमवार को अपने सिरसा निवास पर पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. चौ. देवीलाल की 110वीं जयंती के उपलक्ष्य पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर बिजली मंत्री रणजीत सिंह बहन शांति देवी, उनकी धर्मपत्नी इंदिरा सिहाग, पुत्र गगनदीप, पौत्र सूर्य प्रकाश, पौत्री गायत्री सहित भारी संख्या में आमजन मौजूद थे।


बिजली मंत्री ने कहा कि चौ. देवीलाल ने जिन नीतियों को अपने जमाने में लागू किया, उसे अब पूरे देश में अपनाया जा रहा है।उन्होंने सबसे पहले हरियाणा में वृद्धावस्था पेंशन योजना शुरू की थी, आज अलग अलग राज्यों में इसे अपनाया जा रहा है. उन्होंने सबसे पहले जच्चा बच्चा योजना शुरू की थी, आज आप अलग अलग हिस्सों इसे मातृत्व संबंधी योजनाओं में देख सकते हैं।


बिजली मंत्री ने कहा कि चौधरी देवीलाल को जनता सम्मानपूर्वक ताऊ के नाम से संबोधित करती है। अपने संघर्ष की बदौलत राजनीति में वह छोटे से प्रदेश हरियाणा के मुख्यमंत्री से भारत के उप प्रधानमंत्री के पद पर आसीन हुए। गांधीवादी, साम्यवादी तथा क्रांतिकारी आंदोलनों से प्रभावित होकर चौधरी देवीलाल बाल्यकाल में ही संघर्ष की राह पर चल पड़े, जो आगे चलकर उनके संघर्षशील राजनीतिक सफर का मार्गदर्शक बनी।