शहीदे आजम सरदार भगत सिंह के जन्मदिवस पर युवा कांग्रेस की ओर से विशाल मोटरसाइकिल रैली

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस रैली में उत्साह के साथ भाग लिया।
 

Mhara Hariyana News, Sirsa

सिरसा। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह के जन्मदिवस पर बीते दिवस युवा कांग्रेस की ओर से विशाल मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। इस मौके पर युवा कांगे्रस के प्रदेशाध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने शहीद भगत सिंह स्टेडियम से झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। यह रैली शहर के विभिन्न बाजारों से होती हुई शहीद भगत सिंह चौक पर आकर संपन्न हुई। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस रैली में उत्साह के साथ भाग लिया। मोटरसाइकिलों पर सवार युवा कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह के जयकारों से आसमान गुंजायमान कर दिया। इस दौरान दिव्यांशु बुद्धिराजा ने कहा कि क्रांतिवीरों की जब भी बात होगी उस श्रेणी में भगत सिंह का नाम सबसे ऊपर होगा। उन्होंने कहा कि गुलाम देश की आजादी के लिए अपनी जवानी तथा सम्पूर्ण जीवन भगत सिंह ने देश के नाम लिख दिया।

सदियों में ऐसा एक वीर पुरुष जन्म लेकर धरती को कृतार्थ करता है। वहीं युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मोहित शर्मा ने कहा कि देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत शहीद भगत सिंह का जन्म पंजाब के जिला लायलपुर गांव बंगा (वर्तमान पाकिस्तान) में, 28 सितम्बर 1907 को एक देशभक्त सिख परिवार में हुआ। इनके पिता का नाम सरदार किशन सिंह तथा माता का नाम विद्यावती कौर था। परिवार के आचरण का अनुकूल प्रभाव सरदार भगत सिंह पर पड़ा। कहते हैं ‘पूत के पांव पालने में ही दिख जाते हैं’ भगत सिंह के बचपन के कारनामों को देख कर लोगों को यह प्रतीत होने लगा था की वह वीर, धीर और निर्भीक हैं। भगतसिंह का संबंध देशभक्त परिवार से था वह शूरवीरों की कहानियां सुन कर बड़े हुए थे। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नवदीप कम्बोज ने कहा कि 23 वर्षीय नौजवान भगत सिंह ने जीते जी तथा मरने के बाद भी अपना सब कुछ देश के नाम कर दिया। उनकी जीवनी पढ़ते समय लोगों में जोश का उत्पन्न होना उनके साहस के चरम को दर्शाता है। भगत सिंह के बलिदान और त्याग को पहचान कर हमें उनसे सीख लेते हुए देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।

इस मौके पर प्रदेश युवा प्रभारी प्रदीप सूर्य, विधायक शीशपाल केहरवाला, प्रदेश प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा, सुभाष जोधपुरिया, डा. आजाद केलनिया, अशोक चिंडालिया, मनोज टांक, पंकज शर्मा, मनीष ढिल्लो एडवोकेट, जर्मन भंगु कालांवाली, छत्रपाल रानियां, शगनदीप डबवाली, संजय नायक, रवि कम्बोज, सरला देवी सहित काफी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद थे।