मुख्यमंत्री के इशारे पर किसान व महिलाओं पर लाठीचार्ज करना पूरी तरह लोकतंत्र की हत्या है- बजरंग गर्ग

 


सिरसा - हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सीनियर प्रवक्ता व सिरसा जिला प्रभारी बजरंग गर्ग ने कांग्रेस प्रतिनिधियों की मीटिंग लेने के उपरांत पत्रकार वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का जनसंवाद कार्यक्रम सिर्फ एक ढकोसला है, जिससें जनता को सिर्फ निराशा हाथ लगी है। मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रम में 5 जिलों की पुलिस फोर्स लगा दी गयी।

जब मुख्यमंत्री अपने आप को ही सुरक्षित नहीं समझते तो आम जनता की सुरक्षा कैसे करेंगे, यह बहुत बड़ा चिंता का विषय है। बजरंग गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री का जनसंवाद कार्यक्रम में यह कहना कि इस व्यक्ति की पिटाई करो और उठाकर बाहर ले जाओ कहना जो अति निंदनीय है। इससे यह सिद्ध होता है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सत्ता के नशे में चूर-चूर है। एक महिला मुख्यमंत्री को कहती है कि नशे का व्यापार खुलेआम हो रहा है नशे के कारण मेरा जवान बेटा चला गया।

पुलिस नशे का व्यापार करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं करती है जबकि नशे का व्यापार पुलिस की रनुवाई में फल फूल रहा है। मुख्यमंत्री ने नशा रोकने की कार्रवाई करने की बजाएं उस महिला को कहा कि यह किसी के बहकावे में यहां आई है। महिला सरपंच की मुख्यमंत्री द्वारा बात ना सुनने पर महिलाओं के सम्मान का प्रतीक चुन्नी उतारकर मुख्यमंत्री के पैरों में रखने वाले महिला सरपंच को धक्के मार कर जनसंवाद कार्यक्रम से भगा दिया जाता है। यह कैसा जनसंवाद है जहां पर मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं का अपमान किया जाता है।

हद तो तब हो गई जब किसान अपनी सरसों सरकारी खरीद करवाने के लिए मुख्यमंत्री जी से मिलना चाहते थे और मुख्यमंत्री ने उनकी बात सुनने की बजाएं मुख्यमंत्री के इशारे पर किसानों व उनके परिवार व महिलाओं पर लाठी चार्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया जो पूरी तरह से लोकतंत्र की हत्या है।

पुलिस प्रशासन द्वारा कांग्रेस पार्टी की मीटिंग में जाने के लिए कांग्रेसी नेता राजकुमार शर्मा को नजर बंद करना सरकार का बौखलाहट भरा कदम है। श्री गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जब जनता की समस्या सुननी ही नहीं थी और भाजपा के कार्यकर्ताओं से ही मिलना था तो जनसंवाद कार्यक्रम का ढकोसला करने की क्या जरूरत थी।

यह जनसंवाद नहीं यह तो जन अपमान कार्यक्रम है। किसी भी मुख्यमंत्री को महिला, पुरुष व आम जनता का अपमान करने का अधिकार नहीं है। सरकार का यह जनसंवाद नहीं यह तो लठ संवाद कार्यक्रम है। बजरंग गर्ग ने कहा कि भाजपा सरकार से प्रदेश का किसान, कर्मचारी, व्यापारी, मजदूर व हर वर्ग  का नागरिक दुखी है।

भाजपा सरकार सिर्फ झूठी घोषणाओं व वायदो की सरकार है। हरियाणा में भाजपा सरकार ने 8.5 साल में 4 लाख करोड रूपए तक का कर्जा जनता पर चढ़ाकर सिर्फ घोटाले पर घोटाले करने का काम किया है। सरकार ने हरियाणा में किसी प्रकार का कोई विकास नहीं करवाया।

सरकार ने तो सिर्फ कर्ज पर कर्ज लेकर मलाई खाने का काम किया है। श्री गर्ग ने कहा कि हरियाणा सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए कि भाजपा सरकार ने जो कर्ज लिया है वह पैसा कहां पर खर्च किया जबकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 8.5 साल में सिरसा जिले में 135 घोषणाओं के साथ-साथ अनेकों काम करवाने की घोषणाएं हरियाणा में की मगर घोषणाएं सिर्फ घोषणाएं तक ही सीमित रह  गयी। धरातल पर कोई काम इस सरकार में नहीं  हुआ यह तो सिर्फ विकास के नाम पर कमीशन खाने की सरकार है। इस सरकार में लगातार घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं। सरकार सिर्फ एसआईटी का गठन करके उन घोटालों को दबाने में लगी हुई है जो सरकार का तानाशाही रवैया है।देश व प्रदेश की जनता 2024 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जिताने का मन बना चुकी है।

हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने पर रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपए, 6000 रुपए बुढ़ापा पेंशन, गरीबों को 100-100 गज के मुफ्त प्लाट, 300 यूनिट बिजली फ्री, गरीबों को राशन, व जिन बुजुर्गों की  पेंशन काटी गई है। उसको पून: बनाया जाएगा और व्यापारी व आम जनता के हित में अनेकों योजनाएं लागू की जाएगी। इस अवसर पर पूर्व सांसद सुशील इंदौरा, पूर्व सांसद चरणजीत रोड़ी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजकुमार शर्मा, प्रवक्ता आनंद बियानी, कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला भारद्वाज, श्रीमती गुड्डी, कुलवंत कौर, अमीर चावला,गजानंद सोनी, दिलीप कुमार,व्यापार मंडल प्रदेश सचिव निरंजन गोयल,अतुल गोयल, नवनीत गोयल,मनप्रीत सिंह , रवि कंबोज, चंद्रपाल आदि कांग्रेसी नेता  मौजूद थे।