फरीदाबाद की धरती पृथला विधानसभा से राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर ने किया बसपा मिशन-2024 का ऐलान
 

बीजेपी-जेजेपी गठबन्धन सरकार से जनता का हुआ मोह भंग: रणधीर सिंह बैनीवाल

 

Mhara Hariyana News, Sirsa
सिरसा। गांव भगोला की पृथला विधानसभा में बसपा द्वारा फरीदाबाद-गुरुग्राम लोकसभा स्तरीय कैडर संगठन समीक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आकाश आनंद नैशनल कोऑर्डिनेटर बसपा ने शिरकत की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रणधीर सिंह बैनीवाल केंद्रीय प्रभारी बसपा हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब ने उपस्थिति दर्ज करवाई। उनके साथ कुलदीप बाल्यान केंद्रीय प्रभारी बसपा हरियाणा भी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजवीर सोरखी प्रदेश अध्यक्ष बसपा हरियाणा ने की।

मुख्य अतिथि आकाश आनंद ने कहा कि वर्तमान समय में देश के पास भाजपा का एकमात्र विकल्प बसपा सुप्रीमों बहन मायावती का है। आज भाजपा को टक्कर देने की ताकत सिर्फ  बसपा में ही हैं। हरियाणा में भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार से प्रदेश का हर वर्ग, जिसमें कर्मचारी, व्यापारी, किसान, मजदूर व छात्रों सहित प्रत्येक वर्ग दुखी हैं। हरियाणा की जनता इस सरकार को बदलने का पूर्ण रूप से मन बना चुकी हैं। आज देश में बहन, बेटियों सहित हर वर्ग रोड पर संघर्ष कर रहा हैं। सरकार इन पीडि़त लोगों की बात नहीं सुन रही है, जिसका परिणाम प्रदेश सरकार को आने वाले समय में भुगतना पड़ेगा। पार्टी के तमाम नेताओं ने यह विश्वास दिलाया की आगामी सरकार बसपा की होगी और आगामी समय में बूथ स्तर पर कड़ी मेहनत करते हुए आगामी लोकसभा चुनावों में बहन मायावती को प्रधानमंत्री बनाने में हरियाणा प्रदेश का विशेष योगदान रहेगा। कार्यक्रम में आनंद कुमार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बसपा, मनोज चौधरी प्रदेश महासचिव बसपा हरियाणा, महेंद्र सिंह जाजोरिया प्रदेश महासचिव बसपा हरियाणा सहित प्रदेश कमेटी, लोकसभा कमेटी, जिला कमेटी, विधानसभा कमेटी और सैक्टर कमेटी के तमाम कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।