शाम को हुआ होलिका दहन, बुधवार को मनाया जाएगा फाग, बाजारों में सजी रंग गुलाल की दुकानें 

शहर में शाम को किया गया होलिका दहन,होलिका की पूजा कर महिलाओं ने मांगी मन्नत
 

Mhara Hariyana News, Sirsa, सिरसा। सोमवार शाम को जिलेभर में होलिका दहन का पर्व मनाया गया। हालांकि अभी फाग को लेकर असमंजस है। होलिका दहन को लेकर भी लोगों में भ्रांतियां रही। बाद में विभिन्न चौक चौराहों में होलिका स्थापित होने के बाद लोग होलिका दहन की पूजा करने आए। संभवत फाग यानि रंगों का त्योहार बुधवार को मनाया जाएगा। 

होली के त्यौहार को लेकर शहर का बाजार सजा हुआ है। लोग खुशबूदार हर्बल गुलाल सहित बच्चों के लिए पिचकारियां खरीद रहे हैं। बच्चों के लिए तरह-तरह के कार्टून पात्र पिचकारियां, मुखौटे बाजार में उपलब्ध है। इसके साथ खुशबूदार हर्बल गुलाल काफी डिमांड है। होली को लेकर शहरवासी बाजार में मिठाई, नमकीन और बच्चों के लिए उनकी पसंद की पिचकारी और मुखोटे खरीदते नजर आए।

शाम सवा सात बजे हुआ होलिका दहन

होलिका दहन 6 को है या 7 को इसको लेकर शहरवासी असमंजस में है,लेकिन शहर में ज्यादातर लोगों ने सोमवार को होलिका का दहन किया। शहर के विभिन्न चौकों पर होलिका स्थापित की गई। महिलाओं ने श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ होलिका का पूजन किया। महिलाओं ने बच्चों के साथ होलिका का पूजन कर सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। शाम सवा सात बजे के बाद विभिन्न स्थानों पर शांतिपूर्वक मंगल की कामना करते हुए होलिका दहन किया। सुबह से ही होलिका पर्व को लेकर घरों में विशेष तैयारियां शुरू हो गई थी। पर्व पर महिलाओं ने व्रत भी रखा। महिला और बच्चे सुबह ही तैयार हो गए थे। महिलाएं गीत गाती हुई विभिन्न स्थानों पर बनाई गई होलिका के पास गई और वहां पर विधि-विधान अनुसार होलिका पूजन किया। शहर में गोल डिग्गी,  नोहरिया बाजार, सुभाष चौक, भगत सिंह चौक, सुरतगढ़िया बाजार, भादरा बाजार, गौशाला मोहल्ला, रानियां रोड, बेगू रोड सहित शहरभर की विभिन्न कॉलोनियों में विधिवत होलिका पूजन किया गया।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार लोग होलिका में अपनी फसल को पकाकर अपने घर ले जाते हैं। इस पर्व पर महिलाएं उपलों की विशेष आकृति तैयार करती हैं। उन आकृतियों को सामूहिक रूप से जलने वाली होली में डाला जाता है।