logo

कांग्रेस बहुमत के साथ सभी राज्यों में बनाएगी सरकार: वीरभान मेहता

 
veerbhan mehta

सिरसा, 16 नवंबर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरभान मेहता का कहना है कि आज देश की 140 करोड़ जनता कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। देश के पांच राज्यों छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान, तेलांगना व मिजोरम में इस साल प्रस्तावित विधानसभा चुनावों में कांग्रेस बहुमत के साथ सभी राज्यों में सरकार बनाएगी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के लिए प्रचार अभियान कर लौटे वीरभान मेहता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस 70 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। जनता छत्तीसगढ़ में कांगे्रस सरकार के 5 साल के कामकाज पर मोहर लगाएगी।

मेहता ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने किसानों, मजदूरों, महिलाओं, आदिवासियों, दलितों और गरीबों की समृद्धि का एक मॉडल पेश किया है। खेती-किसानी, गोठान, वन उपज समेत हर स्थानीय उत्पाद से लोगों की आय बढ़ रही है। गेहंू, धान व अन्य फसलों की सबसे ज्यादा एम.एस.पी. छत्तीसगढ़ में है।

उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने साढ़े 18 लाख किसानों का कर्ज माफ किया और इस बार भी सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। मेहता ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए कांग्रेस की एक विशेष गारंटी योजना है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक वर्ग को राहत देने का काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि किसानों की धान की फसल 3200 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी और किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। पहली से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक शिक्षा मुफ्त की जाएगी।

तेंदूपत्ता प्रति बोरा के 6 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने पर जातिगत जनगणना भी करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भूमिहीन मजदूरों को 10 हजार रुपए दिए जाएंगे।

200 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी, तो प्रति सिलैंडर रिफिल पर 500 रुपए की सबसिडी सरकार की ओर से दी जाएगी। इसके अलावा 17 लाख गरीब परिवारों को आवास दिया जाएगा।

लघु वन उपज पर 10 रुपए अतिरिक्त न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जाएगा और 10 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की गारंटी दी जाएगी। मेहता ने कहा कि हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार को कांग्रेस शासित राज्यों से सीख लेनी चाहिए।

आज हरियाणा विकास के मामले में रिवर्स गियर में दौड़ रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सिरसा प्रदेश का सबसे बड़ा कृषि उत्पादक जिला है। बावजूद इसके यहां पर एक भी खेती आधारित कारखाना नहीं है। बेरोजगारी, महंगाई, अपराध के मामले में हरियाणा नंबर 1 पर पहुंच गया है।