logo

गोष्ठी में वरिष्ठ महिलाओं को किया सम्मानित

 
गोष्ठी में वरिष्ठ महिलाओं को किया सम्मानित
सिरसा। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशानुसार महिला मंडल सिरसा द्वारा तेरापंथ भवन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं अनमोल रिश्ता सास-बहू का विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सुमन गौतम प्राचार्य राजकीय उच्च विद्यालय बन सुधार ने शिरकत की। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष में 75 वर्ष से अधिक आयु वाली वरिष्ठ महिला सूरज देवी धर्मपत्नी  हरक चंद वैद एवं सेवा प्रकल्प के लिए विमला बोरड़ धर्मपत्नी चंपालाल बोरड को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल ओढा कर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में सभी महिलाओं ने गणवेश में अपनी बहू के साथ पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
 कार्यक्रम की शुरुआत नमस्कार महामंत्र से की गई। इसके पश्चात महिला मंडल द्वारा मंगलाचरण गीत द्वारा सभी का अभिवादन किया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुमन गौतम ने आज के समय में नारी शक्ति के उत्थान एवं सास-बहू का अनमोल रिश्ता विषय पर अपने अनुभव प्रस्तुत किए। इस कार्यक्रम में रेखा गोयल, सुमन गुजराती ने अपने विचार प्रस्तुत किए। महिला मंडल की सदस्य द्वारा एक नाटक का सफल आयोजन किया गया।
 अंत में शाखा की अध्यक्ष कुसुम लता गोयल ने मुख्य अतिथि सुमन गौतम का सम्मान किया एवं सभी का आभार व्यक्त किया कार्यक्रम का सफल मंच संचालन शाखा की मंत्री पिंकी गोलछा ने किया।