logo

हरियाणा में आज गरज-चमक के साथ चलेगी आंधी, बारिश से खेतों में थमी बिजाई, नुकसान

 
हरियाणा में आज गरज-चमक के साथ चलेगी आंधी, बारिश से खेतों में थमी बिजाई, नुकसान
WhatsApp Group Join Now

Mhara Hariyana News, Sonipat
हरियाणा में आज अलग-अलग समय पर अलग अलग क्षेत्रों में लोगों को धूल भरी आंधी का सामना करना पड़ेगा। IMD चंडीगढ़ ने 29 मई तक मौसम का जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसमें प्रदेश के अधिकतर इलाकों में गरज चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेगी।

कुछेक क्षेत्रों में बूंदाबांदी ओर ओलावृष्टि की संभावना भी है। हालांकि ये बड़े स्तर पर नहीं होगी। चार दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने वाला।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 26 मई को एक और पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा में असर दिखाएगा। इसके प्रभाव के चलते तेज आंधी, गरज चमक और बूंदाबांदी की गतिविधि जारी रहेगी। 26 मई को उत्तर हरियाणा के जिलों पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कैथल, करनाल व कुरुक्षेत्र में कुछेक स्थानों पर गरज चमक, आंधी की संभावना जताई गई है। इसके बाद 27 व 28 मई काे इन जिलों में अधिकतर स्थानों पर ऐसे हालात बने रहेंगे।

इसी प्रकार दक्षिण एवं दक्षिण पूर्व हरियाणा के जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, पानीपत, सोनीपत और पश्चिम व दक्षिण पश्चिम हरियाणा के जिलों हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद व चरखी दादरी में 26 मई शुक्रवार को अधिकतर मौसम खराब रहेगा। यहां गरज चमक के साथ आंधी व बूंदाबांदी की प्रबल संभावना मौसम विशेषज्ञों ने जताई है।

27 व 28 मई को भी इन 14 जिलों में हालात में कोई ज्यादा बदलाव नहीं आने वाला। 29 मई को हालांकि आंधी-गरज चमक में कुछ बदलाव जरूर दिखेगा। हालांकि मौसम विशेषज्ञ 29 मई को एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना जा चुके हैं। ऐसा होता है तो फिर से बारिश-आंधी का दौर शुरू हो जाएगा।

अब नरमा-अन्य फसलों में नुकसान

इस समय प्रदेश में किसान नरमा (कपास) और ज्वार-ग्वार आदि की बिजाई कर रहे हैं। जिन फसलों काे बिजे हुए 1 से 4 दिन का समय हुआ है, उनमें बारिश पड़ने से करंड हो रही है। यानी डाले गए बीजों के अंकुरित होकर बाहर निकलने के रास्ते पर मिट्‌टी जम गई है। ऐसे हालात में किसानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। उनको दोबारा भी बिजाई करनी पड़ सकती है।

तापमान सामान्य से नीचे
प्रदेश में बादलवाई, बारिश और अंधड़ के हालात के चलते अधिकतम तापमान गिर कर 36 डिग्री के आसपास आ गया है। हालांकि गुरुवार को बुधवार की तुलना में तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन फिर भी प्रदेश में तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री तक नीचे रहा है। न्यूनतम तापमान में भी 3.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

पंचकूला में तो न्यूनतम पारा सबसे कम 18.5 डिग्री रहा। इसमें 24 घंटे के दौरान 4.1 डिग्री की गिरावट हुई। फरीदाबाद की रात 28.8 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रही। अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास बना रहा। जो कि सामान्य से 5.2 डिग्री तक नीचे बना हुआ है। इन हालातों में नौतपा में भी लोग बदन झुलसाने वाली गर्मी से राहत पाए हैं।