logo

जंगल में बनाए जा रहे थे अवैध असलहे, छापा मारने गई पुलिस टीम पर फायरिंग, 15 तमंचे बरामद

 
जंगल में बनाए जा रहे थे अवैध असलहे, छापा मारने गई पुलिस टीम पर फायरिंग, 15 तमंचे बरामद
WhatsApp Group Join Now

Mhara Hariyana News, Mathura
मथुरा के जंगलों में अवैध हथियार बनाने का गौरखधंधा चल रहा था। पुलिस मौके पर पहुंची तो हथियार बना रहे बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। क्रॉस फायरिंग में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हुआ है। 
वहीं, उसके दो साथी पिस्टल लहराते हुए भागने की कोशिश कर रहे थे जिनकी कनपटी पर पुलिस ने पिस्टल तानकर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 15 तमंचे और बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।

तमंचे बनाए जा रहे थे
एसएसपी शैलेश पांडे के मुताबिक उन्हें थाना जैंत क्षेत्र में वृंदावन के नजदीक धौरेरा गांव के जंगल में अवैध हथियार फैक्ट्री चलाने की सूचना मिली। सूचना थी कि तीन लोग अवैध हथियारों की फैक्ट्री चला रहे थे। इस काम को अंजाम अकरम, भोला और नीरज दे रहे थे। 
सूचना मिलने के बाद एसओजी और थाना जैंत पुलिस की संयुक्त टीम बनाई और कार्रवाई के निर्देश दिए। शनिवार रात जंगलों में पुलिस ने टीम बनाकर अवैध हथियार फैक्ट्री पर छापा मारा तो यहां देसी तमंचे बनाए जा रहे थे।

एक बदमाश को लगी गोली
एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि जंगल में पुलिस पहुंची तो देखते ही अकरम, भोला और नीरज ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बचाव करते हुए जवाब में फायरिंग की। 
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की एक गोली अकरम के बाएं पैर में लगी। अकरम के घायल होते ही भोला और नीरज ने हाथ में तमंचा लेकर लहराना शुरू कर दिया। पुलिस ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तानकर पकड़ लिया।

तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस मुठभेड़ में अकरम के घायल होने, भोला और नीरज के पकड़े जाने के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल अकरम को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं भोला और नीरज को थाना जैंत ले गई जहां दोनों से पूछताछ की जा रही है।

15 तमंचे हुए बरामद
अकरम, भोला और नीरज को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने जंगलों में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री को खंगाला। पुलिस ने मौके से 15 बने और अधबने तमंचे, खोल और 20 कारतूस बरामद किए। इसके अलावा अवैध हथियार बनाने के उपकरण भी पुलिस को मौके से मिले।