logo

जमीनी विवाद में बाग की रखवाली कर रही महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या

 
जमीनी विवाद में बाग की रखवाली कर रही महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या

Mhara Hariyana News, Partapgarh
बाघराय थाना क्षेत्र के देवरपट्टी में शुक्रवार की रात घर के बगल बाग में सो रही रोजन बानो 45 की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची Police छानबीन करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

देवरपट्टी निवासी बाबर खान प्रयागराज के लालगोपालगंज का रहने वाला है। शादी के कुछ दिनों बाद से ही वह अपनी ससुराल में आकर रहने लगा। दो दशक बीत जाने के बाद भी दोनों निसंतान ही रहे। मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता रहा।

शुक्रवार की शाम वह बैंड बजाने के लिए गंगापार चला गया था। उसकी पत्नी रोजन रात में घर के बगल बाग में चारपाई लेकर सोने चली गई थी। ग्रामीणों के अनुसार आधी रात को अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से रोजन की गला रेतकर हत्या कर दी। काफी देर बाद भी वह घर नहीं आई तो आसपास के लोग बाग की ओर गए। देखा तो चारपाई के नीचे खून गिरा है। लोगों के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे।

सूचना मिलने पर बाघराय थानाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ पांडेय फोर्स के साथ पहंचे। इस बीच सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता फारेंसिक टीम लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की गहराई से छानबीन के बाद Police आरोपियों की तलाश में जुट गई। सूचना मिलने पर पति बाबर भी रोते बिलखते घर पहुंचा। Police को दी गई तहरीर में उसने हत्या का आरोप रिश्तेदारों पर लगाया। कहा कि वे लोग संपत्ति अपने नाम करने की जिद कर रहे थे। मना करने पर जान से मारने की धमकी भी देते थे।

चूंकि जमीन जायदाद सब उसकी पत्नी के नाम से है। उसकी तहरीर पर Police ने मृतक के बहनोई देवरपट्टी निवासी जमील, लालगोपालगंज निवासी साबिर उसके भाई कुग्गा व बेटे जायद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही रिश्तेदार रोने बिलखने लगे। देर शाम गांव के कब्रिस्तान में ही शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया। बाघराय थानाध्यक्ष टीएन पांडेय ने बताया कि कुछ लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

छह बहनों को मिला था संपत्ति में बराबर का हिस्सा
मृतका रोजन छह बहनें थीं। भाई न होने के कारण माता पिता की मौत के बाद रोजन व उसकी बहन हकीकुन, असफुननिशा, मुस्सी, बेबी, सेब्बी के नाम संपत्ति का बंटवारा हो गया। अन्य बहनों के संतान थी लेकिन रोजन निसंतान थी।

कीमती जमीन पर गड़ी थी लोगों की नजर
बाघराय थाना क्षेत्र के देवरपट्टी गांव में जेठवारा- लालगोपालगंज मार्ग पर स्थित करीब एक बीघे जमीन व मकान रोजन के नाम राजस्व अभिलेख में दर्ज है। कीमती जमीन पर बहुत से लोगों की नजर गड़ी थी। घटना के बाद Police हर बिंदुओं पर गहराई से छानबीन कर रही है।