करनाल में रंग लगाने के बहाने डकैती, वृद्धा की गला घोंटकर हत्या

Mhara Hariyana News,Karnal (Hariyana)। करनाल की हकीकत कॉलोनी में बदमाशों ने एक घर में घुसकर वृद्धा की हत्या कर डकैती कर डाली। रंग लगाने के बहाने घर में छह से सात बदमाश घुसे और वृद्धा की गला घोंटकर हत्या कर दी। इस दौरान वृद्धा के पति ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की, तो उनका भी गला दबाने का प्रयास किया गया।
शोर मचाने पर डकैत वृद्धा के गले से सोने की चेन और घर में रखी लाखों रुपये की नगदी लेकर भाग निकले। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हकीकत कॉलोनी निवासी निर्मला (65) बुधवार दोपहर बाद घर के गेट पर बैठी थीं। इसी दौरान छह से सात बदमाश युवक पहुंचे और उन्हें रंग लगाने की कोशिश की।
बचने के लिए वृद्धा गेट से घर के अंदर कमरे की तरफ भागी, जिस पर बदमाश भी उसके पीछे आ गए। वृद्धा ने कमरे का दरवाजा बंद करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकी।
बदमाश धक्का देकर कमरे के अंदर घर घुस आए और गला पकड़ लिया। डकैतों ने वृद्धा का गला इतनी तेजी से दबाया कि उनके नकली दांत भी निकलकर बिस्तर पर गिर पड़े।
वृद्धा ने डकैतों के साथ संघर्ष करने का प्रयास किया, लेकिन अपने आप को बचा नहीं सकी। गला दबाए जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
डकैतों ने उनके गले से चेन निकाली और घर में रखी नगदी लेकर फरार होने लगे। इस दौरान वृद्धा का पति आ गया और उसने डकैतों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन पर भी बदमाशों ने हमला कर दिया गया।
गला दबाए जाने पर उन्होंने शोर मचाया तो बदमाश वहां से भाग निकले। बताया जा रहा है कि बदमाश मोटरसाइकिल से आए और उसी से निकलर भाग गए।
घर की महिलाओं ने आकर पहनाए पकड़े
महिला ने डकैतों से संघर्ष किया। इस दौरान वृद्धा के कपड़े अस्तव्यस्त हो गए थे, उनके चेहरे और शरीर पर कई जगह पर चोट के निशान थे।
घर की महिलाओं ने पहुंचकर वृद्धा को कपड़े पहनाएं। डकैती की सूचना पर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची।
वृद्धा के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया और एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य उठाए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, जिससे बदमाशों की धरपकड़ हो सके।