हांसी में पूर्व सरपंच के बेटे को मारी छह गोलिया, सरपंच व उसके बेटे पर मामला दर्ज

Mhara Hariyana News, Hansi (Haryana)। हांसी के गांव कुंवारी में पूर्व सरपंच के बेटे कर्ण को वर्तमान सरपंच व जिला सरपंच यूनियन के अध्यक्ष संजय दूहन उर्फ नर सिंह व उसके बेटे पुनीत ने गोलियां मार दी। गोलियां कर्ण को छाती, हाथ और अन्य हिस्सों पर लगी। घटना के बाद हमलावर बाप- बेटा फरार हो गए, वहीं घटना से नाराज पूर्व सरपंच के समर्थकों ने संजय के घर पर तोड़फोड़ की। हांसी सदर थाना पुलिस ने संजय दूहन और उसके बेटे पुनीत के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
चबूतरे पर खड़ा था तब मारी गोली
घायल युवक कर्ण को हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। संजय दूहन हिसार जिला सरपंच एसोसिएशन का प्रधान भी है।
युवक कर्ण की मां कृष्णा ने बताया कि होली के दिन उसका बेटा चबूतरे पर खड़ा था उसी समय संजय अपने बेटे पुनीत के साथ बाइक आया। संजय ने अपने बेटे को कहा कि ये खड़ा बड़ा चौधरी, मार इसको गोली।
इतना कहने पर पुनीत ने उसके बेटे कर्ण पर गोलियां दाग दी। उसके शरीर पर 6 गोलियां मारी गई। घटना के बाद दोनों फरार हो गए।
एक साल पहले हुई है शादी
कृष्णा ने कहा कि पंचायती चुनावों के समय से ही संजय और पुनीत उसके बेटे कर्ण से रंजिश रखते थे। कर्ण का हिसार के निजी अस्पताल में ऑपरेशन किया गया और उसके शरीर से गोलियां निकाली। उसे आईसीयू में रखा हुआ है।
अभी उसकी हालत चिंताजनक है। कर्ण गांव के ही पूर्व सरपंच महावीर का बेटा है। उसके पिता का भी कुछ साल पहले मर्डर कर दिया गया था।
कर्ण की एक साल पहले ही शादी हुई है। कर्ण का जीजा फतेहाबाद में डीएसपी तैनात है।
समर्थकों ने की सरपंच के घर तोड़फोड़
कर्ण को गोली मारने से नाराज उसके समर्थकों ने सरपंच के घर पर तोड़फोड़ की। सरपंच के घर के बाहर खड़ी उसकी गाड़ी तोड़ दी गई।
वायरल वीडियो में एक युवक की पिटाई करते हुए भी ग्रामीण दिख रहे हैं, उनके हाथों में डंडे हैं। घटना के बाद से गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। कर्ण और पुनीत की करीब एक साल पहले भी शादी में झगड़ा हुआ था।