logo

Yamunanagar: पत्नी का हत्या कर 24 घंटे तक शव के पास बैठा रहा, फिर खुद भी लटककर दी जान

 
d


हरियाणा के यमुनानगर शहर के कैंप स्थित वीना नगर में बुधवार को युवक ने पत्नी की गला रेतकर और फिर पेट में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। वारदात के बाद करीब 24 घंटे तक वह पत्नी के शव के पास बैठा रहा। इस बीच वीरवार की सुबह युवक के साड़ू ने फोन किया तो वह पत्नी के सोने का बहाना बनाता रहा। फिर खुद की हाथ की कलाई काटकर पत्नी के शॉल से पंखे में फंदा लगाकर जान दे दी।

शंका होने पर शुक्रवार की सुबह साड़ू ने पहले पड़ाेसी को फोन किया। उसने बताया कि दो दिन से पड़ोसी दंपती नजर नहीं आए और घर का दरवाजा अंदर से बंद पड़ा है। इसके बाद जब साड़ू मौके पर पहुंचा तो भारती-25 का शव बेड पर खून से लथपथ पड़ा था जबकि सचिन राणा-30 फंदे पर लटका हुआ था। थाना गांधी नगर पुलिस ने सचिन के साड़ू सोनू के बयान पर 174 की कार्रवाई की है।


पुलिस को दिए बयान में बाडी माजरा निवासी साड़ू सोनू ने बताया कि उसने वीरवार की सुबह 7.30 बजे सचिन को फोन कर भारती से बात कराने के लिए कहा था। तब सचिन ने बहाना बनाते हुए कहा कि भारती अभी सो रही है। नींद से जागने के बाद बात करवा देगा। इतनी बात होने के बाद वह अपने काम पर चला गया।

इसके बाद उसी दिन शाम को सात बजे फिर से सचिन को कॉल कर भारती से बात कराने को कहा, लेकिन फोन नहीं उठाया। इसके बाद सोनू ने शुक्रवार की सुबह सचिन के पड़ोस में रहने वाली बाला नाम की महिला को कॉल कर इस बारे में बताया। तब पड़ोसी महिला ने भी सोनू को बताया कि दो दिन से सचिन और भारती नजर नहीं आ रहे हैं और उनके घर का दरवाजा अंदर से बंद पड़ा है।

कोई आवाज भी नहीं आ रही है। इतनी बात सुनने के बाद सोनू तुरंत मौके पर पहुंचा। यहां आकर उसने देखा कि मेन गेट का अंदर से ताला लगा है और अंदर से कमरा भी बंद है। उसने दीवार से कूदकर कमरे के अंदर जाकर झांका तो सचिन का शव पंखे की कुंडी से शॉल से लटका हुआ था, जबकि भारती का शव खून से लथपथ बेड पर पड़ा था।

इसके बाद उसने तुरंत पहले पड़ोसी महिला को बताया और फिर डायल 112 को फोन कर सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे ले लिया। गांधीनगर थाना प्रभारी अजय के अनुसार, मृतक भारती के जीजा सोनू के बयान दर्ज करने के बाद मामले में 174 की कार्रवाई की गई है।

दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सनकी पति ने पत्नी का गला रेता और उसके पेट में चाकू घोंपने के बाद उसे मौत के घाट उतार दिया। यहीं नहीं रातभर उसके शव के पास भी बैठा रहा। जब कोई रास्ता नहीं दिखा तो उसने खुद को पहले चाकू से बायं हाथ की कलाई काट ली। खून बहा लेकिन जान नहीं निकली। इसके बाद उसने पत्नी की ही शॉल से पंखे की कुंडी पर फंदा लगाकर जान दे दी। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय सचिन राणा व 25 वर्षीय भारती के तौर पर हुई है।

भारती करती थी जगराते की झांकी में काम, सचिन था इसके खिलाफ
सचिन के साड़ू के अनुसार, भारती जगराते की झांकी में काम करती थी, जबकि उसका पति सचिन इसके खिलाफ था। इसे लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के कारण पति ने पत्नी की जान ली और फिर खुद सुसाइड कर लिया।

तीन साल पहले हुई थी दोनों की शादी, नहीं थी कोई औलाद
बताया जा रहा है कि सचिन और भारती की शादी तीन साल पहले हुई थी, लेकिन दोनों को अभी कोई औलाद नहीं थी। इसे लेकर भी दोनों में गृहक्लेश रहता था, हालांकि पति और पत्नी की मौत का असल कारण क्या है, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने भी साड़ू के बयान पर 174 के तहत एहतियातन मौत की कार्रवाई की है।