दो गुटों की लड़ाई में युवक को कुल्हाड़ी से काटा, भांजा गंभीर, मृतक पर दर्ज थे कई मामले

Mhara Hariyana News, Punjab
श्री आनंदपुर साहिब में सोमवार देर रात 10 बजे सीमावर्ती गांव नारड के पास दो गुटों में विवाद हो गया। इस दौरान एक युवक की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब में दाखिल करवाया गया है। मृतक की पहचान सुखदेव सिंह उर्फ सोनू और घायल की पहचान उसके भांजे रोहित पुत्र देशराज के रूप में हुई है।
सोमवार रात करीब दस बजे रोहित की कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। इसके बाद विवाद बढ़ने पर रोहित ने अपने मामा सोनू को बुला लिया।
झगड़े के दौरान युवकों ने सोनू पर कुल्हाड़ी से वार करके उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना की जांच हिमाचल प्रदेश के थाना कोर्ट कलहूर के एसएचओ गौरव भारद्वाज कर रहे हैं।
गैंगवार से जुड़ा हो सकता है मामला
मामले में चार युवकों को नामजद किया गया है जबकि कुछ अज्ञात भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं सूत्रों के अनुसार, मामला गैंगवार का है।
सोनू बहुचर्चित गुट्टी गैंग से संबंधित था। गौरतलब है कि गुट्टी कत्ल में पैरोल पर आए हुए एक युवक भूरे से सोनू की कुछ दिन पहले लड़ाई भी हुई थी। मृतक सोनू पर भी कई मामले दर्ज थे।
सड़क हादसे में दो की मौत
Mhara Hariyana News, Rampur
हिमाचल प्रदेश के रामपुर में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
बाइक व कार की टक्कर
जानकारी के अनुसार, बीती रात रामपुर पाठबांगला कॉलेज गेट के पास बाइक और कार की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मरने वालों में एक लड़का चुहाबाग का है, मृतक की पहचना सत्तपाल(बिल्लू) और दूसरे की कोटगढ़ का आर्यन के रूप में हुई है।
टक्कर मारने वाली गाड़ी इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष विहारी सेवगी की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गाड़ी चालक को गिरफ्तार करके छानबीन शुरु कर दी हैं।