logo

प्राचीन शनिदेव मंदिर में मनेगा दीपोत्सव, प्रज्जविलत होंगे 1100 दीये

 
प्राचीन शनिदेव मंदिर में मनेगा दीपोत्सव, प्रज्जविलत होंगे 1100 दीये

सिरसा। नोहरिया बाजार में स्थित प्राचीन शनिदेव मंदिर में इस बार दीपावली पर्व पर विशेष आयोजन होगा। दीपावली से एक दिन पहले यानि छोटी दिवाली के अवसर पर मंदिर के नवनिर्मित भवन में दीपोत्सव मनाया जाएगा। जिसमें श्रद्धालुओं के द्वारा देसी घी से 1100 दीये प्रज्जवलित किए जाएंगे। श्री शनिदेव मंदिर चेरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी आनंद भार्गव व चंद्रमोहन भृगुवंशी ने बताया कि 245 वर्ष पुराने इस शनिदेव मंदिर का श्रद्धालुओं के सहयोग से जीर्णोद्धार करवाया जा रहा है। दीपावली के पावन अवसर पर इस बार मंदिर के नवनिर्मित भवन में 11 नवंबर शनिवार की शाम को देसी घी से 1100 दीये प्रज्जविलत किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि दीपोत्सव का यह आयोजन भगवान राम के अयोध्या में बन रहे भव्य राममंदिर व सिरसा में जीर्णोद्वार किए जा रहे प्राचीन शनिदेव मंदिर की खुशी में किया जाएगा। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि दीपावली के पावन अवसर पर भगवान शनिदेव मंदिर में भगवान शनिदेव के नाम एक दीप प्रज्जवलित करें और भगवान के शुभ आशीर्वाद से अपने जीवन को खुशियों से भरें।  उन्होंने बताया कि शनिदेव मंदिर में भी राम दरबार की स्थापना की जाएगी। श्री शनिदेव मंदिर चेरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से शनि मंदिर का निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है। उन्होंने संभावना जताई कि जनवरी महीने में मंदिर में देवी देवताओं की प्रतिमाओं का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम किया जाएगा।