logo

हरियाणा के 69 अध्यापकों को मिलेगा स्टेट अवार्ड

प्रदेश सरकार ने पुरस्कार राशि को बढ़ाकर किया एक लाख रूपये  
 
s
सलाह संगठन ने स्टेट अवार्डी शिक्षक के दो वर्ष के अतिरिक्त सेवा विस्तार को जारी रखने की उठाई मांग


सिरसा। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों के लिए राज्य शिक्षक अवार्ड की घोषणा की है। शिक्षा विभाग की ओर से वर्ष 2022 व 23 के दौरान शिक्षा क्षेत्र में सराहनीय सेवाएं देने वाले 69 अध्यापकों को 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में पंचकूला के इंद्रधुनष ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में स्टेट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसमें सिरसा जिले के दो शिक्षक संगीता खुराना व सेवानिवृत्त्त प्रिंसीपल प्रेम चंद भी शामिल हैं।

s

स्कूल कैडर लैक्चरार एसोसिएशन (सलाह) के प्रदेशाध्यक्ष गुरदीप सैनी व महासचिव अजय मलिक ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से इस बार राज्य शिक्षक अवार्ड के लिए चयनित शिक्षकों को एक लाख रूपये नकद, रजत पदक, शॉल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। जबकि इससे पूर्व स्टेट अवार्डी शिक्षकों को सम्मान के तौर पर 21 हजार रूपये की राशि व प्रशस्ति पत्र के अलावा दो वर्ष का अतिरिक्त सेवाकाल मिलता था। सलाह संगठन प्रदेश सरकार के सम्मान राशि बढ़ाने के निर्णय का स्वागत करता है, वहीं अवार्डी शिक्षक के दो वर्ष के अतिरिक्त सेवाकाल विस्तार के पूर्ववर्ती निर्णय को जारी रखने की मांग करता है।

 


* इन सेवाओं के लिए मिलता है राज्य शिक्षक अवार्ड
सलाह के प्रदेशाध्यक्ष गुरदीप सैनी ने बताया कि राज्य शिक्षक अवार्ड के लिए प्रदेश सरकार की ओर से कई मापदंड तय किए गए हैं। इसके लिए शिक्षक को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को परखा जाता है। इसके साथ-साथ शिक्षक द्वारा अपनी शैक्षणिक योग्यता को समयानुसार और अधिक बढ़ाया हो, वहीं बतौर शिक्षक बेहतर प्रदर्शन किया हो। इसके अलावा सामाजिक सेवाओं में जैसे पौधारोपण, रक्तदान, सफाई अभियान, कन्या शिक्षा, खेल गतिविधियो को बढ़ावा दिया हो, निरक्षरों को अक्षर ज्ञान देने, साइंस को बढ़ावा ेदेने सहित अन्य गतिविधियों में उल्लेखनीय भागीदारी की हो।


किन जिलों में कितने अध्यापकों का हुआ चयन:
वर्ष 2022 के शिक्षक अवार्ड के लिए सिरसा से एक, पानीपत से 4, कैथल 3, रेवाड़ी 6, सोनीपत 3, जींद 2, चरखीदादरी 3, पंचकूला 2, भिवानी 2, रोहतक 1, झज्जर 2, महेंद्रगढ़ 1, गुरूग्राम 2, करनाल 1, हिसार से एक शिक्षक का चयन हुआ है।
वहीं वर्ष 2023 के अवार्ड के लिए रेवाड़ी से 8, पंचकूला 2, सोनीपत 4, कैथल 2, सिरसा 1, हिसार 3, पानीपत 4, रोहतक 2, जींद 2, करनाल 1, भिवानी 2, कुरूक्षेत्र, फतेहाबाद, गुरूग्राम व चरखीदादरी से 1-1 शिक्षक का चयन किया गया है।


पूर्व शिक्षा मंत्री ने विधानसभा में उठाई मांग:
हाल ही में समाप्त हुए विधानसभा सत्र में प्रदेश की पूर्व शिक्षा मंत्री ने राज्य शिक्षक अवार्ड प्राप्त शिक्षकों को दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा विस्तार के मामले को जोर-शोर से उठाया। पूर्व शिक्षा मंत्री का कहना था राज्य सरकार को इन शिक्षकों के अनुभव का फायदा उठाना चाहिए, न कि इनके अनुभव को दरकिनार करना चाहिए।