किसानों के प्रति पंजाब सीएम की टिप्पणी पर 23 नवंबर को फूंका जाएगा पुतला: लखविन्द्र औलख

Mhara Hariyana News, Sirsa
सिरसा।
पंजाब के किसानों के साथ मान सरकार की वादाखिलाफी, किसानों और किसान नेताओं के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की अभद्र टिप्पणी के विरोध में पंजाब के प्रसिद्ध किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल बीती 19 नवंबर से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। जिनका समर्थन करने के लिए हरियाणा की किसान जत्थेबंदी भारतीय किसान एकता बीकेई अध्यक्ष अपनी टीम के साथ फरीदकोट धरना स्थल पर पहुंचे।
जानकारी देते हुए बीकेई अध्यक्ष लखविंद्र सिंह औलख ने बताया कि इसके रोष स्वरूप संयुक्त किसान मोर्चा अराजनीतिक हरियाणा की किसान जत्थेबंदियों से विचार-विमर्श करके आगामी 23 नवम्बर को पंजाब सरकार और सीएम भगवंत मान के हरियाणा में भी पुतले फूंकने का निर्णय लिया गया है। जिससे पंजाब सरकार को चेताया जा सके कि देश भर के किसान मुसीबत में सदा एक थे और रहेंगे। औलख ने भारतीय किसान एकता बीकेई की तरफ से सिरसा क्षेत्र के किसानों से 23 नवम्बर दिन बुधवार को सुबह 10 बजे सिरसा के नेहरु पार्क में पहुंचने की अपील की है। यहां से इकट्ठे होकर बाजारों से होते हुए बाबा बंदा सिंह जी बहादुर चौक पर पुतला फूंका जायेगा।
इस मौके पर अंग्रेज सिंह कोटली, गुरविंदर बेदी, भिंदा काहलो, गुरपाल सिंह पूनियां, बेअंत औलख, सरदूल सिंह भट्टी, दिलबाग सिंह भट्टी, बलदेव सिंह मोरीवाला, दरबार सिंह, राजू सिंह, महेंद्र सिंह, कुलवंत सिंह किसान मौजूद रहे।