logo

श्री सालासर धाम मंदिर में शरद पूर्णिमा महोत्सव 8 से

तीन दिन चलेगा धार्मिक उत्सव, बहेगी भक्ति की अविरल धारा
 
तीन दिन चलेगा धार्मिक उत्सव, बहेगी भक्ति की अविरल धारा
WhatsApp Group Join Now

Mhara Hariyana News: सिरसा

लाखों लोगों के श्रद्धा स्थल श्री सालासर धाम मंदिर सिरसा में आगामी 8 अक्टूबर से शरद पूर्णिमा महोत्सव आरंभ होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान हर पल भक्ति की अविरल धारा बहेगी, जोकि श्रद्धालुओं के मन-मष्तिष्क को सरोबार करेगी।

श्रीराम नाम प्रभात फेरी चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए मंदिर के पुजारी जलराम, पुजारी जवाहर व प्रबंधक संजय शर्मा ने बताया कि 8 अक्टूबर को सुबह सवा आठ बजे श्री हनुमत महायज्ञ एवं महालक्ष्मी पूजन होगा। जिसमें सुरेश गोयल, अनिल गोयल, कृष्ण बांसल, भीमसेन सिंगला मुख्य यजमान होंगे। इसी दिन रात्रि 8 बजे अखंड श्री रामायण पाठ का आयोजन होगा। 


    उन्होंने बताया कि 9 अक्टूबर को सुबह 5 बजे मंगलगान  एवं शहनाई वादन होगा, सवा पांच बजे स्वर्णमयी देहलीपूजन एवं श्री गणेश पूजन होगा। इसके बाद साढ़े 5 बजे श्री बालाजी महाराज की भव्य श्रृंगार आरती होगी, सुबह साढ़े 7 बजे श्री बालाजी महाराज का चोला अर्पण होगा, आठ बजे रजतमयी चरणपादुकाओं का अर्पण होगा। इसके बाद स्वर्णमयी चौकी का अनावरण होगा। सुबह साढ़े 9 बजे रत्न जडि़त श्रृंगार अनावरण, इसके बाद स्वर्णमयी गदा का अनावरण होगा। सुबह साढ़े 10 बजे गर्भग्रह में श्री बालाजी महाराज की स्वर्णमयी प्रतिमा का अनावरण होगा, इसके बाद बालाजी महाराज के रत्न जडि़त आभूषण का अनावरण होगा।
    

मंदिर के पुजारी जलराम, पुजारी जवाहर व प्रबंधक संजय शर्मा ने बताया कि सुबह साढ़े 11 बजे भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात परिक्रमा में श्री बालाजी महाराज की मूर्ति का अनावरण होगा और इसके बाद रजतमयी घंटा पूजन होगा। उन्होंने बताया कि 9 अक्टूबर की सायं 8 बजे स्वर्णमयी ज्योत का अनावरण श्री बाबा तारा कुटिया के मुख्य सेवक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा करेंगे। इसके पश्चात स्वर्णमयी गणेशजी महाराज प्रतिमा का पूजन सिरसा के पुलिस अधीक्षक डा. अर्पित जैन करेंगे।

तत्पश्चात श्री बालाजी महाराज के परम भक्त प्रदीप मित्तल हिसार वाले गर्भग्रह में स्वर्णमयी बालाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके पश्चात बालाजी महाराज का भव्य जागरण आयोजित किया जाएगा। जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अजय सिंह चौटाला, उनकी धर्मपत्नी नैना सिंह चौटाला(विधायक), पुत्र दुष्यंत चौटाला(उपमुख्यमंत्री हरियाणा) व पुत्र दिग्विजय सिंह चौटाला जागरण पावन ज्योत प्रज्जवलित करेंगे और भव्य श्रृंगार आरती करेंगे। 


    उन्होंने बताया कि 10 अक्टूबर को सायं सवा सात बजे बालाजी महाराज की भव्य श्रृंगार आरती होगी। इसके पश्चात श्री रामदूत सेवा मंडल की ओर से संगीतमयी श्री सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। इसके पश्चात सवा मण लड्डू का भोग लगाया जाएगा और रात्रि साढ़े आठ बजे श्री बालाजी महाराज का राजस्थानी रसोई प्रसाद वितरित किया जाएगा। उन्होंने 8 से 10 अक्टूबर तक आयोजित किए जाने वाले इन धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।