logo

बीजेपी ने मनाया प्रबुद्ध सम्मेलन

इमरजेंसी में संगठन को बुलंद करने वाले लोकतंत्र सैनानियों को किया सम्मानित
 
 
बीजेपी ने मनाया प्रबुद्ध सम्मेलन

Mhara Hariyana News, Sirsa

सिरसा। भारतीय जनता पार्टी की ओर से स्थानीय रेस्ट हाऊस में प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें 1975 में लगी इमरजेंसी में यातनाएं सहने वाले लोकतंत्र सैनानियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष नीरज बंसल ने की, जबकि मुख्यातिथि के तौर पर प्रदेश मंत्री सुरेंद्र आर्य व महासंपर्क अभियान के जिला संयोजक देव कुमार शर्मा, श्याम बजाज ने शिरकत की। इस मौके पर नीरज बंसल ने बताया कि 25 जून 1975 में इमरजेंसी लगी थी। उस समय संगठन के लोगों को काफी प्रताडि़त किया गया। संगठन के लोगों को तरह-तरह की यातनाएं दी गई।

लोगों को जेलों में डाल दिया गया। इस दौरान संगठन को संभालने में सहयोग करने वाले लोकतंत्र सैनानियों रामलाल बागड़ी, कृष्ण वोहरा, ओम वधवा, बलवंत, रमेश गुलाटी, रमेश जैन आदि को सम्मानित किया गया। मंच संचालन सुरेश पंवार ने बखूबी किया। इस मौके पर सागर केहरवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी आज जो अपने सर्वोच्च शिखर पर है। उसमें कार्यकर्ताओं के साथ आप सभी प्रबुद्धजनों का भी योगदान है। आप सभी समाज का बहुत ही महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। आपके द्वारा जनता में प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान से लेकर कोरोना वैक्सीन के निर्माण व टीकाकरण को समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचाया गया। केहरवाला ने कहा कि जब तक देश की बागडोर नरेंद्र मोदी के हाथों में है, तब तक देश की संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा की तरफ  कोई भी देश आंख उठाकर नहीं देख सकता है।

अनुच्छेद 370 का खात्मा, अयोध्या भव्य मंदिर निर्माण, तीन तलाक, लद्दाख व जम्मू कश्मीर को केंद्र शासित राज्य घोषित करने जैसे अभूतपूर्व निर्णय व कार्य हैं, जिसको आने वाली पीढिय़ां सदैव याद रखेंगी। इस मौके पर कालांवाली के पूर्व विधायक बलकौर सिंह ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब हम लोग आंदोलन करते थे। उस वक्त वंदे मातरम् नहीं गा सकते थे, चंदन नहीं लगा सकते थे। हम लोग जयकारे नहीं लगा सकते थे और अब वंदे मातरम भारत में ही नहीं, विदेशों में भी गाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास नारे की वजह से देश की जनता भारतीय जनता पार्टी के साथ है। नीरज बंसल ने सभी का कार्यक्रम में पहुंचने पर आभार व्यक्त किया। इस मौके पर रितेश लंबोरिया, तरूण गुलाटी, एडवोकेट अमित गोयल, एडवोकेट विजय शर्मा, भारतेंद्र, नवीन रोड़ी, विजय सेठी, अजय शेरपुरा, हनुमान गोदारा, हरपेंद्र शर्मा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।