logo

लघु सचिवालय में सरकार के खिलाफ बिफरे कांग्रेसी, लाठीचार्ज और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में किया प्रदर्शन

Demonstration against the Congress, lathicharge and rising prices of cooking gas against the government in the small secretariat
 
लघु सचिवालय में सरकार के खिलाफ बिफरे कांग्रेसी, लाठीचार्ज और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में किया प्रदर्शन


सिरसा। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी सिरसा की ओर से शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस की ओर से रसोई गैस की कीमतों में की गई बढ़ोतरी और ई-टेंडरिंग प्रणाली का विरोध कर रहे सरपंचों पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में रोष मार्च निकाला गया।

कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता बरनाला रोड पर लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के निकट एकत्रित हुए और यहां से विशाल जुलूस की शक्ल में लघु सचिवालय की ओर बढ़े। लघु सचिवालय पर आगे बढ़ते कांग्रेसजनों को पुलिस ने रोका, जहां धक्का-मुक्की होने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

इसके बाद सीटीएम सिरसा मौके पर पहुंचे और उन्होंने कांग्रेसजनों से ज्ञापन हासिल किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला, पूर्व सांसद सुशील इंदौरा, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल, हरियाणा प्रदेश प्रतिनिधि कांग्रेस राजकुमार शर्मा, सुभाष जोधपुरिया, प्रदेश प्रतिनिधि राजेश चाडीवाल, पूर्व चेयरमैन अमीर चावला कर रहे थे। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए हुए थे, जिसमें सरकार विरोधी नारे लिखे थे।

सरपंचों के सम्मान में, कांग्रेस जन मैदान में, सरपंचों पर लाठीचार्ज करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो, जैसे नारे लिखी तख्तियों व नारेबाजी करते हुए कांग्रेसजन आगे बढ़े। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा-जजपा सरकार पर दमनकारी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि सरकार सरपंचों को बलपूर्वक दबाने का प्रयास कर रही है। सरपंच गांव का सम्मान है जिस पर लाठीचार्ज किया जाना बेहद शर्मनाक है।

उन्होंने कहा कि सरपंचों के मान-सम्मान की इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी सरपंचों के साथ है और कंधे से कंधा मिलाकर उनकी लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ने को प्रतिबद्ध है।

आम आदमी का जीना हुआ मुश्किल

कांग्रेस नेताओं ने रसोई गैस की कीमतों में की गई बढ़ोतरी को लेकर भी सरकार को कोसा। कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की गलत नीतियों की वजह से आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है।

एक तरफ बेरोजगारी और दूसरी ओर महंगाई ने गरीब के हाथ से निवाला छीनने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के छलावे को पहचान चुकी है और 2024 में होने वाले केंद्र व प्रदेश के चुनाव में भाजपा को पटखनी देने का काम करेंगी।