logo

डियर सिरसा संस्था ने खड़ा किया नशे के विरुद्ध जन जागरण अभियान

 
डियर सिरसा संस्था ने खड़ा किया नशे के विरुद्ध जन जागरण अभियान

सिरसा। सीए दरवेश स्वामी द्वारा संस्थापित संस्था डियर सिरसा ने नशे के खिलाफ  व्यापक स्तर पर जन जागृति अभियान शुरू किया हुआ है। संस्थापक सीए दरवेश स्वामी ने बताया कि संस्था के कार्यकर्ता पूरे सिरसा में घर घर जाकर लोगों को नशे के विरुद्ध जागृत करने का काम कर रहे हैं। इस के लिए संस्था प्रचार सामग्री का इस्तेमाल कर रही है। नशे के खिलाफ  संदेश पत्र बना कर सिरसा के हर घर तक पहुंचाए जा रहे हैं।

अब तक 20 से 30 हजार घरों तक ये संदेश पत्र पहुंचाए गए हैं। संस्था सदस्यों का कहना है कि अगर हर परिवार अपनी जिम्मेवारी को समझते हुए अपने घर के छोटे बच्चो में नशे के खिलाफ  घृणा का भाव विशेष तौर पर डालने का काम करता है तो ये बच्चे जब 8-10 साल में बड़े होंगे तो नशे की ओर कभी अग्रसर नही होंगे। इसके अलावा शिक्षा और खेल का भी नशे के विरुद्ध वातावरण बनाने में बहुत अधिक योगदान होगा। जिस बच्चे का ध्यान उच्च स्तर की शिक्षा में है या खेल प्रतियोगिताओं में गंभीर है तो ऐसे बच्चे का भी नशे की तरफ  रुख करना असंभव सी बात है। इस के अलावा संस्था ने एक विशेष रूप से वाहन तैयार करवाया है जिस पर 65 इंच की एलसीडी लगवाई गई है, जो नशे पर बहुत ही मार्मिक वीडियो संदेश सिरसा के हर मोहल्ले में जाकर देने का काम कर रही है।

संस्थापक सीए दरवेश स्वामी ने बताया कि डियर सिरसा संस्था का गठन सिर्फ  नशे की रोकथाम के लिए नहीं किया गया है, बल्कि ये संस्था और भी आयाम जैसे की सामाजिक, आर्थिक, आध्यात्मिक और राजनैतिक पहलुओं पर आगे आएगी और सिरसा की जनता को उपरोक्त सभी मुद्दों पर विश्वसनीय जानकारी और शिक्षा प्रदान करने का कार्य करती रहेगी। इसके अलावा सीए दरवेश स्वामी सिरसा की जनता से आह्वान किया कि जिलावासी इस मुहिम में डियर सिरसा संस्था के साथ आगे आएं और नशे जैसी सामाजिक बुराई को अपने शहर से बाहर निकाल कर फेंकने में सहयोग करें।