logo

चुनावी मोड में रहें पार्टी कार्यकर्ता : डॉ. अजय चौटाला

मिशन-2024 के लक्ष्य को कड़ी मेहनत से पूरा करने का दिलाया संकल्प
 
 
चुनावी मोड में रहें पार्टी कार्यकर्ता : डॉ. अजय चौटाला

सिरसा। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि सभी पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता आज से ही संकल्प लें कि मिशन-2024 को पूरा करते हुए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को प्रदेश के मुख्य सेवक यानि मुख्यमंत्री बनाना है और इसके लिए वे पूरी ताकत व उत्साह के साथ जनता के बीच जाएं और पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों को प्रचारित करें। वे बुधवार को जेजेपी के जिला कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की आवश्यक बैठक को संबोधित कर रहे थे।


उन्होंने इस अवसर पर पार्टी संगठन में नवीन जिम्मेदारी संभालने वाले तथा उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को निष्ठा से कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में करीब 90 दिन शेष हैं इसलिए सभी कार्यकर्ता चुनावी मोड में रहें और पूरी मेहनत से नए लोगों को पार्टी से जोड़ें। उन्होंने कहा कि यदि लोकसभा के तुरंत बाद समय पर विधानसभा के चुनाव भी होते हैं तो भी पार्टी हर तरह से दोनों चुनावों के लिए तैयार है। जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि पार्टी केवल राजनीतिक क्षेत्र में ही नहीं बल्कि शिक्षा व खेल क्षेत्र में भी अपना सामाजिक दायित्व निभाती है और इसी कड़ी में अब जननायक चौधरी देवीलाल की स्मृति में विशाल ग्रामीण कोस्को क्रिकेट टूर्नामेंट जिले के चार बड़े गांवों में करवाया जाएगा जिनमें चौटाला, रिसालियाखेड़ा, खारियां व माधोसिंघाना शामिल है।


उन्होंने इस खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए युवाओं को प्रेरित करने का भी आह्वान किया। डॉ. चौटाला ने इस मौके पर पार्टी की युवा इकाई के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की भी पीठ थपथपाकर उनका हौंसला बढ़ाया। उल्लेखनीय है कि आगामी 2 जनवरी से आरंभ होने वाली इस खेल प्रतियोगिता में पार्टी के प्रदेश प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला के मार्गदर्शन में जिले के चार गांवों में होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ही करेंगे। इस प्रतियोगिता में विजेता टीमों को लाखों के पुरस्कार दिए जाने की व्यवस्था की गई है। 14 जनवरी को प्रतियोगिता के समापन पर गांव चौटाला में भव्य आयोजन किया जाएगा जिसमें खिलाडिय़ों व दर्शकों के मनोरंजन के लिए बड़े पंजाबी व हरियाणवी सिंगर्स भी आएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक टीमों को 21 से 23 दिसंबर तक चौटाला हाउस में पंजीकरण करवाना होगा।

बैठक में जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के संबोधन से पूर्व सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। उनसे पूर्व पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के प्रधान महासचिव डॉ. राधेश्याम शर्मा, पूर्व मंत्री भागीराम, जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा, युवा जेजेपी के जिलाध्यक्ष रणदीप सिंह मटदादू, सुरेंद्र एडवोकेट, अल्पसंख्यक सेल के अकबर खान ने भी अपने संबोधन में डबवाली रैली को ऐतिहासिक बनाने पर सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उपरोक्त सभी पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जेजेपी की ओर से युवाओं सहित तमाम वर्गों के लिए किए जा रहे कल्याणकारी कार्यों का पूरे देश में डंका बज रहा है और अन्य राज्यों की विभिन्न राजनीतिक पार्टियां भी जेजेपी की नीतियों को आत्मसात कर रही हैं। सभी पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि जेजेपी की ओर से करवाई जाने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता से जहां युवाओं का रूझान खेलों की ओर बढ़ेगा वहीं युवा नशे से भी दूर रहेंगे। उन्होंने सभी से युवाओं को खेलों की ओर से पे्ररित करने का भी आह्वान किया।  इस बैठक में पार्टी के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।