logo

सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर वसूली बंद करे विद्युत निगम: गुरलाल सिंह

 
Electricity

सिरसा। विद्युत निगम की कार्यप्रणाली किसी से छुपी नहीं है। बिजली मंत्री का गृह जिला होने के बाद भी यहां के बाशिंदों के साथ प्रवासी मजदूरों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। समाजसेवी गुरलाल ने एक प्रेस बयान जारी करते हुए बताया कि विद्युत निगम की ओर से उपभोक्ताओं से सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। जबकि कनैक्शन लगवाते वक्त बकायदा सिक्योरिटी चार्ज भरा गया था। इतना ही नहीं निगम की ओर से उपभोक्तओं के बिलों में राशि को बढ़ाकर भरवाया जा रहा है, जोकि किसी सूरत में न्याय संगत नहीं है।

गुरलाल सिंह ने कहा कि कनैक्शन लेते वक्त लोड के हिसाब से चार्ज भरा है, लेकिन इतने सालों बाद अब एडवांस चार्ज उपभोक्ताओं से भुगतान करवाने का क्या औचित्य है? उन्होंने कहा कि अधिकतर उपभोक्ता यहां के स्थाई निवासी हंै, लेकिन निगम अधिकारियों की ओर से अपनी जेबें गर्म करने के लिए उपभोक्ताओं से प्रवासी मजदूरों जैसा बर्ताव किया जा रहा है। निगम की ओर से उपभोक्ताओं को बकायदा इसके प्रति बताया जाता, लेकिन निगम अधिकारियों ने अपनी मर्जी से ही चार्ज वसूलना शुरू कर दिया। गुरलाल सिंह ने बताया कि इतना ही नहीं, निगम के अधिकारियों ने सीएम द्वारा मात्र घोषणा किए जाने के आधार पर ही अवैध कॉलोनियों में लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया है, जबकि उसकी लिखित रूप में अभी कोई नोटिफिकेशन नहीं आई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निम अधिकारी सिक्योरिटी के नाम पर चार्ज वसूलना बंद करे, अन्यथा आने वाले चुनावों में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।