logo

प्राथमिकता से किया जाएगा समस्याओं का समाधान: अमीर चावला

सुख सागर कॉलोनी में अनेक वार्डवासियों ने थामा कांग्रेस का दामन
 
 
प्राथमिकता से किया जाएगा समस्याओं का समाधान: अमीर चावला
सिरसा। घर-घर कांग्रेस-हर घर कांग्रेस अभियान के तहत वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमीर चावला शहर के सुख सागर कॉलोनी क्षेत्र में अशोक सोनी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान कॉलोनीवासी अनेक कॉलोनीवासियों सुमन वर्मा, अंजू बाला, दीपिका वर्मा, संजू वर्मा, प्रियंका बजाज, निकी कौर, सुनीता देवी, हैप्पी कौर, बिमला देवी, राम प्यारी, विक्की, सुखदेव सोनी, गुरजंट सिंह, मुनीष बजाज, विक्की सोनी, साहिल वर्मा, तरूण सोनी ने अमीर चावला की अध्यक्षता में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। अमीर चावला ने सभी नवनियुक्त कार्यकर्ताओं को पार्टी का पटका पहनाकर सम्मानित किया और पार्टी में पूरा मान-सम्मान देने को आश्वस्त किया। वहीं पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाली महिलाओं ने भी अमीर चावला को आश्वस्त किया कि वे पार्टी की मजबूती के लिए तन-मन-धन से समर्पित भाव से कार्य करेंगी। इस दौरान अमीर चावला ने कॉलोनीवासियों की समस्याएं भी सुनी। कॉलोनीवासियों ने बताया कि उनके एरिया में गलियां उबड़-खाबड़ व क्षतिग्रस्त हालत में है। सीवरेज का भी बुरा हाल है। बार-बार अवगत करवाने के बाद भी कर्मचारी समस्याओं का समाधान करने के लिए नहीं आते। जिसपर अमीर चावला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सत्त्ता में आते ही उनकी सभी समस्याओं का प्राथमिकता से निदान करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद सिरसा भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी है। धरातल पर काम की बजाय कागजों में काम दिखाकर जनता की खून पसीने की कमाई को दीमक की मानिंद अधिकारियों व ठेकेदारों द्वारा चट किया जा रहा है। चावला ने कहा कि मौजूदा सरकार में अफसरशाही बेलगाम हो चुकी है। सरकार की तर्ज पर अधिकारी भी मनमानी पर उतारू है, लेकिन कहावत है कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। सरकार व अधिकारियों को ये नहीं भूलना चाहिए कि सत्त्ता किसी की बापौती नहीं है। समय के साथ बहुत कुछ बदलता है। चावला ने कहा कि समय बदल रहा है और हवा पूरी तरह से कांग्रेस के पक्ष में है। इसलिए अभी से सभी कार्यकर्ता पार्टी की मजबूती के लिए जुट जाएं।