logo

पद्मश्री अवार्ड के लिए नामित किए गए स. गुरविंद्र सिंह को प्रो. गणेशीलाल ने किया सम्मानित

 
पद्मश्री अवार्ड के लिए नामित किए गए स. गुरविंद्र सिंह को प्रो. गणेशीलाल ने किया सम्मानित
सिरसा। पद्म श्री अवार्ड के लिए नामित किए जाने पर भाई कन्हैया आश्रम के संचालक स. गुरविंद्र सिंह ने शुक्रवार की सुबह रॉयल हवेली पहुंचकर उड़ीसा के पूर्व महामहिम राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रो. गणेशी लाल ने सम्मानसूचक पटका पहनाकर स. गुरविंद्र सिंह को सम्मानित किया और इसे सिरसा जिले के लिए गौरव का क्षण बताया। प्रो. गणेशीलाल ने कहा कि पद्मश्री अवार्ड भारत सरकार द्वारा आम तौर पर सिर्फ  भारतीय नागरिकों को दिया जाने वाला सम्मान है, जो जीवन के विभिन्न क्षेत्रों जैसे कि कला, शिक्षा, उद्योग, साहित्य, विज्ञान, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा और सार्वजनिक जीवन में उनके विशिष्ट योगदान को मान्यता प्रदान करने के लिए दिया जाता है। सिरसा जिले के लिए भी यह अति गौरव का विषय है। पद्मश्री सम्मान के लिए नामित किए जाने पर हर्षित स. गुरविंद्र सिंह ने कहा कि प्रो. गणेशीलाल ने राज्यपाल रहते हुए समाज के प्रति उनकी अद्भुत सेवा को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व महामहिम राष्ट्रपति से पद्म श्री अवार्ड के लिए विनम्र निवेदन किया था। उनके समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को देखकर ही सरकार की ओर से अब उन्हें पद्मश्री अवार्ड देने की घोषणा की गई है, जोकि उन्हें राष्ट्रपति भवन में महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह रेनू, सीएम विंडो एनिमेट हरपिंदर शर्मा, युवा नेता जितेंद्र गुप्ता, समाज सेवी स्वर्ण मल गुज्जर उपस्थित थे।