logo

व्यवस्था परिवर्तन के साथ ग्रामीण आंचल को बनाया जा रहा है सशक्त : दुष्यंत चौटाला

घर द्वार पर सरकारी सेवाओं का लाभ देते हुए जनहित की दिशा में कदम बढ़ा रही सरकार
 
Rural areas are being empowered with changes in the system: Dushyant Chautala

हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन करते हुए विशेष रूप से ग्रामीण आंचल को सशक्त व मजबूत बनाने की दिशा में सराहनीय कदम उठाए हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति तक को लाभान्वित करने के लिए घर द्वार पर सरकारी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं जिनका लाभ पात्र लोगों को प्रभावी रूप से मिल रहा है। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला शुक्रवार को बावल विधानसभा क्षेत्र के गांव तिहाड़ा, प्राणपुरा व आसलवास में ग्रामीण जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। गांव में पहुंचने पर उन्होंने ग्राम पंचायत की मांगों पर संज्ञान लेते हुए यथासंभव पूरा करने का विश्वास दिलाया। ग्रामीणों ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत फूल मालाओं व पगड़ी बांधते हुए किया। 


आमजन को प्रदान की जा रही हैं सरकारी सेवाएं : चौटाला
उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण जनसभाओं में कहा कि मौजूदा सरकार की सोच हरियाणा प्रदेश का विकास करवाने की है और सरकार बिना किसी भेदभाव के राज्य के प्रत्येक हल्के व प्रत्येक गांव का एक समान विकास करवा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ‘अंत्योदय’ व ‘समान’ विकास की विचारधारा के साथ काम कर रही है और कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि योजनाबद्ध तरीके से कदम बढ़ाते हुए सरकार लोगों को सरकारी सुविधाएं एवं सेवाएं उनके घर द्वार पर ही प्रदान कर रही है। अब कोई भी नागरिक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त कर सकता है। ऑनलाइन प्रक्रिया के अमल में आने से प्रदेश के नागरिकों को जाति, जन्म व रिहायशी प्रमाण पत्र, बुढ़ापा पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, आधार कार्ड, पैन कार्ड जैसी लगभग सभी सुविधाएं घर से ही प्राप्त हो रही है, इससे जन साधारण को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने तथा समय व पैसे की बचत जैसी राहत मिली है।


जनता से किए वायदे पूरे कर रही सरकार : दुष्यंत चौटाला
    उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों को सुविधा दी है। अब फसल बेचने के दो दिन के अंदर-अंदर उपज का मूल्य किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर हो जाता है। सरकार की ओर से किसानों को फसल खराब होने पर जल्द से जल्द क्षतिपूर्ति पोर्टल के माध्यम से आए आवेदन अनुरूप मुआवजा राशि पीड़ित किसानों के खाते में तत्परता से पहुंच रही है। हरियाणा सरकार निरंतर नवाचार और नई-नई पहलों के माध्यम से किसानों की प्रगति सुनिश्चित कर रही है। सरकार बीज से बाजार तक अवधारणा के अनुरूप किसानों को उत्तम बीजों के वितरण से लेकर उनकी फसल खरीद हेतु बाजार तक पहुंच की व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है। अब सीएससी के माध्यम से माउस की एक क्लिक पर जमीन की फर्द निकल जाती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जिन परिवारों की आय 1.80 लाख रुपए से कम हैं उन परिवारों को सरकार की योजनाओं व सेवाओं का सीधे तौर पर लाभ मिल रहा है। सरकार ने प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से किए वायदे पूरे कर रही हैं।


सरकार ने किया किसान, कमेरे और मजदूर वर्ग को आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम : उप मुख्यमंत्री
    उप मुख्यमंत्री श्री चौटाला ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कल्याणकारी नीतियां लागू कर किसान, कमेरे और मजदूर वर्ग को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान करने का काम किया है। आज प्रदेश के किसान को फसल का पूरा भाव मिल रहा है तथा फसलों के दाम 48 घंटे के अंदर किसानों के खाते में भेजे जा रहे हैं। गांवों में पार्क, व्यायामशाला और ई-लाईब्रेरी बनाकर शहरों जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। प्रदेश में ऐसा कोई विधानसभा क्षेत्र नहीं है, जहां विकास कार्य नहीं हो रहे हों। सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया है, जिससे महिलाओं का सम्मान बढ़ा है और उनमें आत्मविश्वास की भावना प्रबल हुई है। इसी प्रकार तीन में से एक राशन डिपो महिला को दिए जाने का प्रावधान किया है। सरकार ने 600 सरकारी सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है, परिणाम स्वरूप सीएससी सेंटर के माध्यम से घर के पास से ही लोग सरकारी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।