logo

मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन

 
मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन 

सिरसा। नगरपरिषद के कर्मचारियों ने नगरपालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा से मुलाकात कर उन्हें अपनी व्यथा सुनाई। शर्मा को दिए ज्ञापन में संघ के जिला प्रधान मनोज, रानियां प्रधान सोमपाल, जिला सचिव रवि घारू, सिरसा इकाई से नरेश चौहान, ओमप्रकाश अटवाल, अरूण परोचा आदि ने बताया कि पे रोल के 58 कर्मचारियों को पक्का करने बारे सरकार का पत्र नप प्रधान द्वारा ईओ, डीसी व नप कमिश्नर को दिया गया था, जिसपर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। नप के अधिकारी शहर के तीन जोन बनाकर सफाई व्यवस्था को ठेके पर देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर की आबादी के हिसाब से 500 से ज्यादा कर्मचारियों की जरूरत है।

वर्ष 1996 के बाद सफाई कर्मचारियों की स्थायी भर्ती नहीं की गई है। वर्ष 1996 के अनुसार शहर में सफाई कर्मचारियों की संख्या 309 थी, जबकि 28 वर्षों में शहर की जनसंख्या इतनी अधिक हो गई है कि यहां करीब 600 कर्मचारियों की जरूरत है। इन कर्मचारियों की भर्ती करके सफाई व्यवस्था में सुधार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में 16 दिन की हड़ताल और वर्ष 2022 में 11 दिन की हड़ताल व वर्ष 2023 में 2 दिन की हड़ताल व अनेकों बार धरना प्रदर्शन व भूख हड़ताल की गई। बावजूद इसके सरकार पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

नप कर्मचारियों ने आगे बताया कि 5 बार संगठन नेताओं के साथ निकाय मंत्री व उच्चाधिकारियों से वार्ता हो चुकी है, पर कोई फायदा नहीं हुआ है। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद उनकी मांगों को पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा कर्मचारियों का शोषण किया है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा कर्मचारियों के हित का ध्यान रखा है। इस मौके पर युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव मोहित शर्मा, प्रदीप सैनी, मनमोहन मिढा, ब्लॉक समिति मैंबर अजय कम्बोज, सुरेन्द्र कम्बोज, पंकज शर्मा, हरमिन्द्र आदि मौजूद थे।