logo

सर्व कर्मचारी संघ ने लिपिकों के समर्थन में तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

 
सर्व कर्मचारी संघ ने लिपिकों के समर्थन में तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन


सिरसा। राज्य कमेटी के आह्वान पर सर्व कर्मचारी संघ ने लिपिकीय वर्ग कर्मचारियों के समर्थन में मंगलवार को लघु सचिवालय में प्रदर्शन करते हुए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रधान सोहन सिंह रंधावा ने की। मंच संचालन जिला सचिव रमेश कुमार सैनी ने किया। सर्व कर्मचारी संघ जिला प्रेस सचिव व सिरसा डिपो प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर ने बताया कि लघु सचिवालय में लिपिक वर्ग वेतनमान 35400 को लेकर एक माह से भी अधिक समय से धरना लगाए हुए है।

6 अगस्त को राज्य कमेटी की मीटिंग में फैसला लिया गया था कि 8 अगस्त को प्रदेश भर में जिला मुख्यालयों पर कर्मचारियों के समर्थन में प्रदर्शन कर सरकार के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। चाहर ने कहा कि सरकार चाहती है कि आम जनता कर्मचारियों के विरूद्ध में आए, परन्तु लिपिकीय वर्ग भी आम जनता के बीच से आया है। यदि लिपिकीय वर्ग अपनी जायज मांग को लेकर आम जनता को जागरूक कर देगा तो सरकार को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। आम जनता को भी ये पता है कि कर्मचारी सिर्फ  अपने कार्य की समीक्षा के आधार पर वेतनमान निर्धारित करने की मांग कर रहे हैं।

चाहर ने कहा कि आज सरकार कर्मचारियों की समस्या का हल ना निकालकर आम जनता को अपना सुरक्षा कवच बना रही है। हड़ताल के कारण आज आम जनता परेशान है। कर्मचारी सरकार के नियमानुसार कार्य की समीक्षा की मांग कर रहे हैं। सरकार को कर्मचारियों के कार्य की समीक्षा करनी चाहिए तथा उन्हें उनका वेतनमान देना चाहिए। आज हरियाणा का प्रत्येक व्यक्ति प्रत्येक वर्ग सरकार की नीतियों को जान चुका है। कर्मचारी सिर्फ  अपना हक मांग रहे हैं। इस मौके पर सोहन सिंह रंधावा, वरिष्ठ उपप्रधान मदन लाल खोथ, रमेश सैनी, मास्टर वीर सिंह, महेंद्र शर्मा, अशोक पटवारी, त्रिलोक नागोकी, राजेश खीचड़, राजकुमार शेखुपुरिया, पृथ्वी सिंह चाहर, निर्मल सिंह, संजय शर्मा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।