logo

प्रदेश के कैंपेन कमेटी चेयरमैन डॉ. अशोक तंवर ने सिरसा में की प्रेसवार्ता

 
प्रदेश के कैंपेन कमेटी चेयरमैन डॉ. अशोक तंवर ने सिरसा में की प्रेसवार्ता
WhatsApp Group Join Now


सिरसा
आम आदमी पार्टी के प्रदेश कैंपेन चेयरमैन डॉ. अशोक तंवर ने शुक्रवार को सिरसा में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इससे पहले आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने डॉ. अशोक तंवर का पार्टी कार्यालय में फूल मालाओं से स्वागत किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारी को लेकर प्रदेश के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने महेंद्रगढ़ में सीएम खट्टर के जनसंवाद कार्यक्रम में हुए विरोध को लेकर सीएम खट्टर पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि अब हरियाणा में बदलाव और परिवर्तन का समय आ गया है। प्रदेश में हर जगह खट्टर सरकार का विरोध हो रहा है। आज भी महेंद्रगढ़ में खट्टर का विरोध हुआ और पिछले दिनों सिरसा में भी जनसंवाद कार्यक्रम में खट्टर को विरोध का सामना करना पड़ा था।

उन्होंने कहा सीएम खट्टर को महेंद्रगढ़ में तो सिर्फ एक गांव ने घेरा है, जिस दिन पूरा हरियाणा घेरेगा तो क्या होगा? वर्तमान में सांठगांठ की राजनीति चल रही है। कांग्रेस ने विपक्ष की भूमिका सही से नहीं निभाई। आने वाले समय में आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के मुद्दों को उठाने का काम करेगी। अपनी हार को देखते हुए खट्टर बौखला गए हैं।
 
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी संगठन की मदद से बेरोजगारी, गरीबों के राशन कार्ड कटना, लोगों की पेंशन संबंधी और प्रदेश के लोगों को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाएगी। प्रदेश में क्राइम और महिलाओं पर अपराध हो रहे हैं। ऐसे में प्रदेश के लोगों के लिए आशा की किरण केवल आम आदमी पार्टी है। आने वाले कुछ दिनों में पार्टी का गांव और ब्लॉक स्तर का संगठन तैयार हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने कहने से ज्यादा करके दिखाया है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की 70 में से 67 सीटें और पंजाब में 117 में से 92 सीटें आई। इसके साफ संकेत हैं कि हरियाणा में भी 2024 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। किसी से कोई समझौता नहीं करेगी। प्रदेश को पीछे ले जाने वालों से कोई समझौता नहीं हो सकता। आम आदमी पार्टी प्रदेश के सर्वांगीण विकास की विचारधारा को लेकर आगे बढ़गी।

डॉ. अशोक तंवर ने कहा जो अपने आप को धुरंधर समझते हैं क्या पता गन्ने के जूस वाला उनका गन्ना फाड़ दे। पंजाब में भी एक मोबाइल वाले ने पूर्व मुख्यमंत्री को हरा दिया था। ऐसा ही परिवर्तन हरियाणा में भी देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश प्रदेश तभी महान होग जब बच्चे और नौजवान पढ़े-लिखे होंगे। जब स्वास्थ्य और शिक्षा बेहतर होगी तभी देश पर प्रदेश आगे बढ़ेगा। हर वर्ग को किस तरीके से राहत और ताकत दे सकें ये केवल आम आदमी पार्टी ही कर सकती है। भाजपा के सभी मॉडल फेल हो रहे हैं। भाजपा नोटों को छोटे से बड़े और बड़े से छोटे करने में लगी है। आज तक सीएम खट्टर द्वारा की गई घोषणाएं भी पूरी नहीं हुई। अब प्रदेश की जनता उनसे हिसाब मांग रही हैं। प्रदेश के लोग 2024 से आम आदमी पार्टी की सरकार बनाकर नई राजनीति का पर्दापण करेंगे।