logo

झूठ की बुनियाद पर टिकी हैं देश-प्रदेश की सरकार: कुमारी सैलजा

भावनात्मक भाषण के साथ हिसार से हुआ कांग्रेस संदेश यात्रा का आगाज
 
 
Congress

हिसार।  अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं हरियाणा कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा है कि देश-प्रदेश की सरकार झूठ की बुनियाद पर टिकी हैं। इनके झूठ से हर हरियाणवी को अवगत कराने के लिए कांग्रेस संदेश यात्रा की शुरुआत की गई है, जो प्रदेश के सभी 10 लोकसभा क्षेत्रों में जाएगी। यात्रा के जरिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और  पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का संदेश हर आम जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ठाना है राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है, कार्यकर्ता संघर्ष करेगा और जीतेगा भी।
वे बुधवार को हिसार की अनाज मंडी में कांग्रेस संदेश यात्रा की शुरुआत के साथ मौजूद जनसमूह को संबोधित कर रही थी।
Congress
अपार जनसमुह की उपस्थिति में कुमारी सैलजा ने कहा कि आम आदमी की लड़ाई लडने के लिए राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा की और अब मणिपुर से महाराष्ट्र तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकल चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, पूर्व मंत्री किरण चौधरी व उन्हें विचार आया कि ऐसी ही यात्रा हमें हरियाणा में निकालनी चाहिए, जो सभी लोकसभा क्षेत्रों में जाए। इस यात्रा के जरिए पार्टी और पार्टी नेताओं का संदेश प्रदेश के हर आदमी तक लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि आप सभी ने आगे बढ़ने की जो प्रेरणा दी, राहुल गांधी की लड़ाई में सहयोग देने का जो साहस दिखाया, उसे ध्यान में रखते हुए हरियाणा के लोगों के हकों की रक्षा के लिए हम यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। भाजपा की केंद्र सरकार को आपने देख लिया, जिसकी बुनियाद ही झूठ पर रखी गई है। नौजवानों, बहनों के लिए हर बार झूठ बोला गया। हर साल दो-दो करोड़ नौकरी का वादा जुमला बन गया। 15-15 लाख रुपये खाते में आएंगे कहकर अकाउंट खुलवा दिए, जो आज भी खाली पड़े हैं। जुमले पर जुमले छोड़े जा रहे हैं, और मूल मुद्दों पर कोई ध्यान नहीं है।

Congress
कुमारी सैलजा ने कहा कि देश में आग लगी है, मणिपुर जल रहा है। उस पर बोलने का सरकार के पास समय नहीं है। राहुल-खड़गे लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता के बीच हैं क्योंकि, संसद में ये भाजपाई किसी को बोलने नहीं देते, माइक बंद कर देते हैं। राज्य की बात करूं तो चारों ओर बदहाली है। जहां भी जाते हैं, लोग कहते हैं कि मार गेरे इनने तो। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अपने साथ गलत होने से रोकने के लिए किसान बॉर्डर पर बैठा रहा। गरीब, मजदूर कभी प्रॉपर्टी आईडी, कभी परिवार पहचान पत्र के फेर में फंसा दिए गए। घोटाले पर घोटाले होते रहे, लेकिन एक बार भी अंजाम तक इंक्वयारी नहीं पहुंची। नौकरियों के पेपर लीक, सर्टिफिकेट घोटाला, शराब घोटाला, रजिस्ट्री घोटाला, चावल घोटाला, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में राशन घोटाला समेत कई दर्जन घोटाले सामने आ चुके हैं, लेकिन इनमें से किसी भी एक में किसी भी आरोपी को सजा नहीं मिली। इन्हें दबा दिया गया। कोविड के समय बिस्तर, पानी समय पर मिले नहीं। इसके विपरित शराब की दुकान खोल दी गई। उन्होंने कहा कि शिक्षा नीति को तहत नहस कर दिया गया है। सरकारी स्कूल बंद किए जा रहे हैं। ऐसे में गरीब परिवारों के बच्चे कैसे पढ़ पाएंगे।
Congress

राहुल को पीएम बनाना है: सैलजा
कुमारी सैलजा ने कहा कि हमने ठाना है राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है। हरियाणा की 10 सीट कांग्रेस की झोली में डालेंगे, भाजपा को एक भी सीट नहीं जीतने देंगे। राहुल गांधी को हमने प्रधानमंत्री बनाना है क्योंकि, उनके दिल में जनता के साथ हो रहे धोखे का दर्द है। पदयात्रा में राहुल को हरियाणा की जनता ने खूब प्यार दिया, उन्हें गले से लगाया। इसलिए कांग्रेस संदेश यात्रा के दौरान प्रदेश के लोगों से सभी 10 सीट कांग्रेस की झोली में डालने का आह्वान किया जाएगा।

किसी का सिर नीचा नहीं होने दूंगी: कुमारी सैलजा
कुमारी सैलजा ने भावनात्मक होते हुए कहा कि वह न किसी हिसारवासी का सिर नीचा होने देंगी, न ही हरियाणा के किसी अन्य शख्स का। आज जरूरत है प्रदेश सरकार से लडक़र अपने अस्तित्व को बचाने की, राजनीति को बदलने की। बदलाव की व्यवस्था में जनता का साथ बेहद जरूरी है। आप मेरे भाई-बहन हैं,  आपकी बहन, बेटी आपकी सामने खड़ी है। इस लड़ाई में 36 बिरादरी का साथ चाहिए। आप साथ दोगे तो आप सभी का राज होगा। आपकी सरकार बनेगी। आपका साथ होगा तो राहुल-खरगे आपकी आवाज सुनेंगे। आपका साथ होगा तो भाजपा को देश-प्रदेश से उखाड़ कर फेंक देंगे। उन्होंने कहा कि हम सब को संघर्ष करने की आदत है, संघर्ष करेंगे और जीतेंगे। जो डर गया वह समझो मर गया। संघर्ष से नहीं डरना है।  अपनी आवाज उठाने की, राजनीति बदलने की। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या बदलाव की व्यवस्था में आप सब साथ दोगे। लोगों ने इस पर नारे लगाए।

इस मौके पर विधायक  किरण चौधरी  ने कहा है कि हम समर्पित एवं निष्ठावान कार्यकर्ता को उसके राजनीतिक अधिकार दिलाएंगे।  इसके लिए किसी भी कांग्रेसी कार्यकर्ता को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी  प्यारी छोटी बहन सैलजा बहुत ही जुझारू, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और कंधे से कंधा मिला कर चलनी वाली जुबान की पक्की दृढ़ संकल्प वाली है। सैलजा हरियाणा के अंदर सबसे ज्यादा ऊर्जावान है।  किरण ने कहा कि हमारी यह शुरुआत हरियाणा के अंदर एक नया इतिहास रचेगी। आपकी आवाज उठाने के लिए यह शुरुआत है। ये मेरा वादा है हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी। डरना मत, तुम्हारी सरकार में भागेदारी होगी।  इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्र मोहन बिश्नोई ने कहा कि हरियाणा के हर इलाके से आवाज आ चुकी है कि 36 बिरादरी के नेता कुमारी सैैलजा प्रदेश की बागडोर संभालेगी।

इससे पूर्व कांग्रेस भवन पहुंचने पर कुमारी सैलजा, किरण चौधरी और पूर्व डिप्टीसीएम चंद्रमोहन बिश्रोई आदि का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर आदमपुर विधानसभा सीट से इनेलो के टिकट पर चुनाव लडऩे वाले कुरडाराम ने अपने हजारों समर्थकों के साथ कांगे्रस में शामिल होने की घोषणा की। पार्टी में शामिल होने पर कुमारी सैलजा ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान दिया जाएगा, कांगे्रस की एक ऐसी पार्टी है जो कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान देती है। इस मौके पर उनके साथ कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर, कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश गुप्ता,  विधायक प्रदीप चौधरी, विधायक शमशेर सिंह, विधायक  शैली चौधरी, विधायक  रेणुबाला, पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्र मोहन, पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, पूर्व विधायक रणधीर सिंह, पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, पूर्व विधायक रिशाल सिंह, पूर्व विधायक राजपाल भुखड़ी, पूर्व विधायक रिसाल सिंह, पूर्व विधायक मेजर निरपेंद्र सांगवान, डॉ अजय चौधरी, लाल बहादुर खोवाल, रामनिवास राडा, भूपिंदर गंगवा संजीव भारद्वाज, बलकार सिंह, पवन बेनिवाल, विनीत कंबोज, राजेश चाड़ीवाल, हरिओम कौशिक, चेतन चौहान, प्रदीप जैलदार, बलजीत कौशिक, राकेश तंवर, मुकेश सैनी, रणधीर राणा, नवीन केडिया, जगदीश जिंदल, राजेश पुरखासिया, निर्मला चौहान, वीरभान मेहता ,राय सिंह गुर्जर, मनोज अग्रवाल, श्याम सुंदर, प्रताप चौधरी, मास्टर हरी सिंह, बाला देवी खेदड़ के सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के  सदस्य ,कई जिलों के पूर्व अध्यक्ष पार्टी के पदाधिकारी आदि मौजूद थे।