logo

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुरू, राहुल गांधी बोले- 'धर्म और भाषा के आधार पर देश को बांटना चाहती है BJP'

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुरू हो गई है। कन्याकुमारी से इस यात्रा की शुरुआत कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने की। इस दौरान राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्र की मोदी सरकार पर भी जमकर हमला बोला।
 
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुरू, राहुल गांधी बोले- 'धर्म और भाषा के आधार पर देश को बांटना चाहती है BJP'
WhatsApp Group Join Now

Mhara Hariyana News

देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस की भारत जोड़ा यात्रा शुरू हो गई है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व इस यात्रा की शुरुआत कन्याकुमारी से हुई। 3570 किलोमीटर की यह यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। यात्रा को शुरू करने के दौरान राहुल गांधी ने बीजेपी और केंद्र सरकार पर जमकर हमला भी बोला है।

भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने के बाद राहुल गांधी ने कहा- उन्हें (भाजपा) लगता है कि वे सीबीआई और ईडी का उपयोग करके विपक्ष को डरा सकते हैं। समस्या यह है कि भारतीय लोग डरे नहीं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे कितने घंटे पूछताछ करते हैं। कोई भी विपक्षी नेता डरने वाला नहीं है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि बीजेपी को लगता है कि वे धर्म और भाषा के आधार पर देश को बांट सकते हैं लेकिन इस देश का बंटवारा नहीं हो सकता। यह देश अखंड रहेगा।

तिरंगे को लेकर राहुल गांधी ने कही यह बात

भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने के बाद राहुल गांधी ने तिरंगे को लेकर बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वे (बीजेपी) सोचते हैं कि यह (तिरंगा) उनकी निजी संपत्ति है। तिरंगा इतनी आसानी से नहीं मिला। इसे हमें किसी ने दिया नहीं था। यह उपहार नहीं था। इसे भारतीयों ने अर्जित किया था। यह ध्वज इस देश में रहने वाले हर नागरिक का प्रतिनिधित्व करता है।

टीवी चैनलों पर भी राहुल गांधी ने बोला हमला

भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि न्यूज चैनलों पर दिनभर प्रधानमंत्री मोदी को दिखाया जाता है। हम लोगों को कोई नहीं दिखाता, इसलिए हम यात्रा निकाल रहे हैं। राहुल ने यह भी कहा- एक व्यक्ति के हाथों में करोड़ों लोगों का भविष्य है और वे इसे संवारने की बजाय विपक्ष को ED और CBI का डर दिखाता है। हम फिर गुलामी के दौर में जा रहे हैं। पहले एक ईस्ट इंडिया कंपनी देश पर राज करती थी, अब 3-4 कंपनियां ये काम कर रही है।

सोनिया गांधी बोली- इस यात्रा से कांग्रेस के संगठन का होगा कायाकल्प

स्वास्थ्य कारणों से कांग्रेस की अतंरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी इस यात्रा में शामिल नहीं हो रही है। हालांकि उन्होंने अपनी शुभकामना कांग्रेसी कार्यकर्ताओं व नेताओं को दी है। सोनिया गांधी ने अपने लेटर में लिखा- मेडिकल चेकअप होने के कारण मैं ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो पाई, इसके लिए मुझे खेद है।

उन्होंने आगे लिखा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के लिए यह एक ऐतिहासिक अवसर है। मुझे विश्वास है कि हमारे संगठन का कायाकल्प होगा। यह भारतीय राजनीति में एक परिवर्तनकारी क्षण भी है। उन्होंने कहा मैं निश्चित रूप से इसे लाइव देखूंगी। आइए हम अपने संकल्प में एकजुट और दृढ़ रहें।

पिता राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे राहुल गांधी

कांग्रेस की इस ऐतिहासिक यात्रा में राहुल गांधी के अलावा मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल, दिग्विजय सिंह, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल और योगेंद्र यादव सहित अन्य नेता भी शामिल है। इन सभी नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया। इससे पहले राहुल ने बुधवार सुबह श्रीपेरंबदुर में पिता राजीव गांधी के स्मारक पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। राहुल करीब डेढ़ घंटे तक श्रीपेरंबदुर में रहे। यहीं पर 1991 में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी।