logo

सरकार की नाकामियों से डूबा सिरसा संसदीय क्षेत्र: डॉ. अशोक तंवर

बोले तंवर, सीएम हवाई दौरे छोड़ लें जमीनी स्तर पर प्रभावितों की सुध
 
 
x
पूर्व सांसद बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे, ली समूची जानकारी
 

सिरसा। आम आदमी पार्टी के प्रचार समिति के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि गठबंधन सरकार की नाकामियों व अदूरदर्शिता के चलते ही प्रदेश सरकार ने पूरे सिरसा संसदीय क्षेत्र को बाढ़ के पानी में डूबो दिया है।


वे शनिवार देर शाम सिरसा के गांव नेजाडेला कलां, फरवाईकलां, पनिहारी, मुसाहिबवाला और बुर्ज कर्मगढ़ आदि बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा करने के बाद लोगों से रूबरू हो रहे थे। डॉ. तंवर ने कहा कि पूरे हरियाणा में सबसे ज्यादा बाढ़ से नुकसान उनके सिरसा पार्लियामेंट क्षेत्र में हुआ है। आज सरकार की नाकामियों के चलते सिरसा संसदीय क्षेत्र के सिरसा, टोहाना एवं रतिया के अधिकतर गांव पानी में डूबे पड़े हैं। गठबंधन सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में संबंधित क्षेत्र के सांसद और विधायक जनता के बीच से गायब हैं जो दुर्भाग्यपूर्ण है जबकि ठीक इसके विपरीत आम आदमी पार्टी के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता बाढ़ से डूबे और प्रभावित लोगों के बीच जाकर उनकी मदद करने में जुटे हैं।

c
      उन्होंने गठबंधन सरकार और जिला प्रशासन की तरफ से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किए गए प्रबंधों को नाकाफी बताते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक आवश्यक मदद नहीं पहुंच रही और सरकार के नुमाइंदे व प्रशासनिक अधिकारी मदद के केवल कागजी दावे कर रहे हैं। आम आदमी के वरिष्ठ नेता डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि फर्जी व नकली दावों की सरकार के कार्यकाल में ये स्थिति है कि बाढ़ से बचाव के मुकम्मल इंतजामात न होने के चलते हजारों ग्रामीण सिरसा संसदीय क्षेत्र से विभिन्न गांवों से पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि इस गंभीर स्थिति के लिए प्रभावित लोगों में गठबंधन सरकार के प्रति लोगों में नाराजगी व गुस्सा है और वे इसके लिए सीधे तौर पर गठबंधन सरकार की कुनीतियों को दोषी ठहरा रहे हैं। उन्होंने हालात का जायजा लेते हुए कहा कि जिस प्रकार घग्घर का पानी बढ़ रहा है उससे निश्चित ही मुख्यमंत्री को जल्द से जल्द एनडीआरएफ की टीमों को भेजने की आवश्यकता है।




पिछला मुआवजा नहीं मिला तो इसकी क्या सुनिश्चितता? तंवर
 वरिष्ठ आप नेता डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि पिछले कुछ समय पूर्व ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसलों का ही अभी तक संपूर्ण मुआवजा नहीं दिया जा सका तो अब बाढ़ से नष्ट हुई नरमा, कपास व धान की फसल नष्ट होने के मुआवजा मिलने की क्या गारंटी है? उन्होंने कहा कि जहां एक ओर मानवीय जीवन को संकट है वहीं मवेशियों को भी अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है। उन्होंने आमजन के साथ-साथ आम आदमी पार्टी के तमाम पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से भी बाढ़ पीडि़तों की पुरजोर मदद करने का आह्वान किया।


हवाई दौरे छोड़ धरातल पर सर्वेक्षण करें सीएम: अशोक तंवर
पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि मौजूदा संकटकाल में जहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल को धरातल पर बाढ़ पीडि़तों के बीच जाकर उनका दुख दर्द जानना चाहिए जबकि इसके विपरीत वे हवाई दौरों से महज औपचारिकताओं को पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र से सहायता राशि जारी होने के बाद भी अभी तक बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए एक पैसा भी खर्च नहीं किया। उन्होंने सीएम मनोहरलाल से कहा कि वे जल्द से जल्द बाढ़ पीडि़तों के बीच जाकर प्रभावितों की सुध लें ताकि उनके जख्मों पर मरहम लग सके।