logo

श्री श्याम गौरक्षा दल मैमोरियल ट्रस्ट में मनाया गोपाष्टमी पर्व

 
a

सिरसा। डबवाली बाईपास रोड स्थित श्री श्याम गौरक्षा दल मैमोरियल ट्रस्ट में गोपाष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। प्रधान कमल सोनी ने बताया कि सर्वप्रथम गौवंश की पूजा अर्चना की गई और उसके बाद लोगों ने गौवंश को गुड़ व चारा खिलाकर पुण्य कमाया। प्रधान कमल सोनी ने बताया कि सनातन धर्म के वेद, पुराण और ग्रंथो में वर्णित मान्यताओं के अनुसार विशेष पूजा और अनुष्ठान के लिए अनेकों पर्व मनाए जाते हैं। उनमें से एक पर्व गोपाष्टमी है।

इस पर्व में गौ माता की पूजा की जाती है। इस दिन गाय की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि और शांति का वास होता है। गौ माता की पूजा से भगवान श्री कृष्ण भी प्रसन्न होते हैं। कमल सोनी ने बताया कि सनातन धर्म के पुराणों और धर्मग्रंथों में कहा गया है कि गौ माता के अंग में कान से पूंछ तक में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है।

गाय शक्ति का स्वरूप है, जिस तरह से गंगा, यमुना, सरस्वती में स्नान करने से सारे पाप धुल जाते हैं और मन पवित्र हो जाता है, नई ऊर्जा की प्राप्ति होती है। ठीक उसी तरह गौ माता की पूजा करने से मन पवित्र होता है और धन-धान्य की प्राप्ति होती है। इस मौके पर द्वारका प्रसाद सैनी, ओमप्रकाश नोखवाल, लक्ष्मीनारायण, सोहनलाल, सीमा लूथरा सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित थे।