logo

गंगा मैया करती है हमारे पापों का नाश: जयदेव दाधिच शास्त्री

 
a

सिरसा। शहर के कंगनपुर रोड पर स्थित फौजी चौक में श्री राधे कृष्ण चैरिटेबल ट्रस्ट व समस्त नगर निवासियों की ओर से आयोजित श्री राम कथा के तीसरे दिन कथावाचक जयदेव दाधीच शास्त्री ने मां गंगा के अवतार की कथा का सार सुनाया। उन्होंने बताया कि राजा सागर के साठ हजार पुत्रों का मां गंगा ने उद्धार किया। मां गंगा का हमें स्नान करना चाहिए, यह हमारे पापों का नाश करती है और हमारे नए जीवन का उद्धार करती है।

उसके बाद में सूर्यवंश का वर्णन किया, जिसमें सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र की कथा और राजा दशरथ का जन्म का विस्तार से वर्णन किया। शास्त्री महाराज ने बताया कि राजा दशरथ के घर में तीन रानियां थी, कौशल्या, कैकयी, सुमित्रा, जिनसे राजा दशरथ को कोई संतान नहीं हुई तो गुरु वशिष्ठ ने श्रृंगी ऋषि को बुलाकर पुत्र स्टिक यज्ञ करवाया। जिसपर अग्नि देव ने प्रसन्न होकर खीर का प्रसाद दिया, जिससे राजा दशरथ के घर में चार पुत्रों राम, लखन, भरत, शत्रुघ्न का जन्म हुआ। कथा में उपस्थित भक्तों ने झूमते हुए राम जन्म की खुशी मनाई।

हनुमान जी की झांकियों का भी श्रद्धालुओं ने भरपूर आनंद लिया। कथा में विशिष्ठ अतिथि के तौर पर महेश शास्त्री ने शिरकत की, जिन्होंने अपने निजी कोष से 51 हजार रुपए की राशि दान स्वरूप भेंट की। ट्रस्ट प्रधान माया चोयल व उपप्रधान बलजिंद्र जोसन ने महेश शास्त्री को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। श्री राधे कृष्ण चैरिटेबल ट्रस्ट की प्रधान माया चॉयल व उपप्रधान बलजिंद्र जोसन ने संयुक्त रूप से बताया कि यह कथा 9 दिनों तक चलेगी। उन्होंने बताया कि जयदेव दाधिच महाराज कथा का वाचन करेंगे। कथा का समय दोपहर 2.15 से सांय 5.15 बजे तक रहेगा। कथा 18 नवंबर से 27 नवंबर तक चलेगी। 27 नवंबर को कथा का हवन यज्ञ से समापन होगा। हवन यज्ञ के उपरांत भंडारा भी लगाया जाएगा। उन्होंने सभी धर्म प्रेमी सज्जनों से आह्वान किया कि वे समयानुसार कथा में आकर कथा श्रवण कर पुण्य के भागी बनें।