logo

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किए भगवान जगन्नाथ के दर्शन, 2 KM पैदल चल पहुंचीं मंदिर

राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार ओडिशा दौरे पर गईं द्रौपदी मुर्मू ने पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए.
 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किए भगवान जगन्नाथ के दर्शन, 2 KM पैदल चल पहुंचीं मंदिर

Mhara Hariyana News

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने गृह राज्य ओडिशा में हैं. राष्ट्रपति बनने के बाद वो पहली बार अपने गृह राज्य ओडिशा के दौरे पर हैं. उन्होंने पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन भी किए. मंदिर तक जाने के लिए वो 2 किलोमीटर पैदल भी चलीं. राष्ट्रपति भवन ने उनका पैदल चलते हुए वीडियो भी पोस्ट किया है. इसमें वो लोगों का अभिवादन भी स्वीकार कर रही हैं.


वीडियो पोस्ट करते हुए राष्ट्रपति भवन ने लिखा कि एक अलग तरह का उदाहरण पेश करते हुए राष्ट्रपति द्रौपद्री मुर्मू पुरी में भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लेने के लिए लगभग 2 किलोमीटर तक पैदल चलीं. राष्ट्रपति के मंदिर जाते समय श्रद्धालुओं ने उनका अभिनंदन किया. राष्ट्रपति ने श्री जगन्नाथ मंदिर में महाप्रसाद भी ग्रहण किया. उसकी भी फोटोज शेयर की गईं.

उससे पहले ओडिशा के राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रपति मुर्मू के भुवनेश्वर आगमन पर उनका स्वागत किया. राष्ट्रपति को उनकी पहली ओडिशा यात्रा पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.

भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने के बाद उनका भुवेश्वर जाने का कार्यक्रम है. यहां वो प्रमुख स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और नेताओं की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी. राष्ट्रपति आज ही राजभवन भुवनेश्वर में अपने सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में सम्मिलित होंगी. इसके बाद कल यानी 11 नवंबर को राष्ट्रपति भुवनेश्वर में तपोबन हाई स्कूल, गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल यूनिट-II और कुंतल कुमारी सबात आदिवासी गर्ल्स हॉस्टल यूनिट-II जाएंगी और छात्राओं व शिक्षकों से बातचीत करेंगी. इसके अलावा वो भुवनेश्वर के जयदेव भवन से केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगी.

राज्य सरकार ने मुर्मू के दौरे पर राज्य राजधानी क्षेत्र में सभी कार्यालयों, स्कूलों तथा कॉलेजों में आधे दिन के अवकाश की घोषणा की है. राष्ट्रपति के दौरे के लिए पुरी तथा भुवनेश्वर में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं.