logo

कैलिफोर्निया शूटिंग के संदिग्ध हमलावर की लाश मिली:वैन में खुद को गोली मारने की आशंका

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मास शूटिंग की घटना पर दुख जताया है।
 
कैलिफोर्निया शूटिंग के संदिग्ध हमलावर की लाश मिली:वैन में खुद को गोली मारने की आशंका
WhatsApp Group Join Now

Mhara Hariyana News

अमेरिका के कैलिफोर्निया में 21 जनवरी को हुई मास शूटिंग के मामले में पुलिस को एक वैन में हमलावर की लाश मिली है। लॉस एंजिल्स टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मास शूटिंग की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने इसे क्रूर और बेहूदा हरकत बताया है। साथ ही यह घोषणा भी कि है कि हमले में मारे जाने वाले लोगों के सम्मान में अमेरिका का झंडा आधा झुका रहेगा।

रात से ही सर्च ऑपरेशन चला रही थी पुलिस
पुलिस हमलावर की तलाश में शनिवार देर रात से ही सर्च ऑपरेशन चला रही थी। उन्हें खबर मिली थी कि संदिग्ध हमलावर सफेद रंग की वैन में भागा है। पुलिस को जैसे ही ये वैन दिखी उन्होंने इसे घेर लिया। हमलावर एशियाई मूल का बताया जा रहा है। उसने हमला किस वजह से किया ये पता नहीं चल सकता है।

अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा मामला...

1. चाइनीज न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान हुई घटना
अमेरिका के कैलिफोर्निया में 21-22 जनवरी की दरमियानी रात मास शूटिंग की घटना हुई। यहां मोंटेरी पार्क इलाके में स्थित एक डांस हॉल में लूनर न्यू ईयर सेलिब्रेशन चल रहा था। तभी एक हमलावर ने यहां आंधाधुंध गोलियां चला दी। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई। 10 लोग घायल हुए। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि मरने वालों में 5 महिलाएं थीं।

2. 20 मिनट बाद दूसरे डांस हॉल में घुसा था हमलावर
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मोंटेरी पार्क इलाके में स्थित डांस हॉल में हमला करने के 20 मिनट बाद हमलावर अलहम्ब्रा इलाके के दूसरे डांस हॉल में घुसा। यहां मौजूद लोगों के साथ उसकी हाथापाई हुई। लोगों उसकी गन छीन ली, जिसके बाद वो वहां से भाग गया।

एक चश्मदीद ने कहा- एक एशियन व्यक्ति हॉल में अंदर घुसा। उसके हाथ में गन थी। हमने उसकी गन छुड़ाने की कोशिश की। जैसे ही हमने गन छुड़ाई वो सफेद रंग की गाड़ी में भाग गया। हमने ये पूरी जानकारी पुलिस को दी।

3. पुलिस ने संदिग्ध एशियाई शख्स की फोटो जारी की
पुलिस ने संदिग्ध हमलावर की फोटो जारी की। पुलिस के मुताबिक, हमलावर की उम्र 30 से 50 साल के बीच बताई गई। पुलिस ने फोटो के साथ लिखा-संदिग्ध एशियाई व्यक्ति है जिसकी हाइट 5 फीट 10 इंच है। घटनास्थल पर उसे काली लेदर जैकेट, काली टोपी और चश्मा पहने देखा गया था।

4. पुलिस ने संदिग्ध की गाड़ी को घेरा
लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने संदिग्ध और उसकी गाड़ी की तलाश तेज कर दी। अमेरिकी समय के मुताबिक, रविवार सुबह (22 जनवरी को) पुलिस को संदिग्ध की सफेद रंग की गाड़ी टोरेंस इलाके की एक पार्किंग में खड़ी मिली। पुलिस ने तुरंत इसे घेर लिया। टोरेंस, मोंटेरी पार्क से लगभग 48 किलोमीटर दूर है। करीब एक घंटा इंतजार करने के बाद पुलिस ने गाड़ी की ड्राइविंग सीट का दरवाजा खोला, जहां उन्हें एक लाश मिली।

रंगभेद से जुड़ा हो सकता है मामला
कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स पर बताया गया है कि यह मामला रंगभेद से जुड़ा है। स्थानीय लोगों और एशियन कम्युनिटी के बीच हिंसा हुई। इसमें 17 साल का चीनी मूल का एक युवक भी मारा गया है। कुछ देर में पुलिस इस बारे में बयान जारी कर सकती है। मोंटेरी पार्क की आबादी करीब 60 हजार है। इनमें 65% एशियन अमेरिकन हैं। इनमें भी ज्यादातर आबादी चीनी मूल के लोगों की है।

तेज म्यूजिक से फायरिंग का पता नहीं चला
‘स्काय न्यूज’ ने लोकल अथॉरिटीज के हवाले से खबर दी है कि घटना के वक्त बहुत तेज आवाज में म्यूजिक चल रहा था, लिहाजा काफी देर तक तक तो ये ही समझ नहीं आया कि आतिशबाजी हो रही है या फायरिंग। कुछ देर बाद घायल लोगों को भागते देखा गया, तब जाकर सच्चाई का पता चला।