logo

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे सबसे बड़े समुद्री पुल "अटल सेतु" का उद्घाटन

 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे सबसे बड़े समुद्री पुल "अटल सेतु" का उद्घाटन

भारत में समुद्र पर बने अब तक के सबसे लंबे सेतु मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (MTHL) का उद्घाटन शुक्रवार यानी 12 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यह करीब 22 किलोमीटर लंबा पुल होगा। समुद्र के ऊपर 16.5 किलोमीटर और जमीन पर इस पुल की लंबाई 5.5 किलोमीटर होगी। इसके बारे में मुंबई पुलिस ने बताया कि MTHL पर चार पहिया वाहनों के लिए अधिकतम स्पीड 100 किमी. प्रति घंटे होगी। इस समुद्री पुल पर मोटरबाइक, ऑटोरिक्शा और ट्रैक्टर को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सरकार ने एमटीएचएल पर कारों के लिए टोल 250 रुपये तय किया है। सरकार का दावा है कि यह टोल दर अन्य हाईवे की तुलना में कम है।

यह बताया जा रहा है कि कार, टैक्सी, हल्के मोटर वाहन, मिनीबस और टू-एक्सल बसों जैसे वाहनों की गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। हालांकि पुल के चढ़ने और उतरने पर गति 40 किमी प्रति घंटे तक सीमित रहेगी। मुंबई पुलिस ने "खतरे, रुकावटों और जनता के लिए असुविधा" को रोकने के लिए भारत के सबसे लंबे समुद्री पुल पर गति सीमा लगा दी है।

एमटीएचल के निर्माण में करीब 18,000 करोड़ रुपये का खर्च आया है। इसपर यातायात शुरू होने से मध्य मुंबई के सेवरी से नवी मुंबई के चिरले तक की दूरी 15 से 20 मिनट में पूरी होगी। इस पुल पर आवाजाही शुरू होने से मुंबई और पुणे के बीच यात्रा आसान होगी और समय की भी काफी बचत होगी। इससे लोनावला (Lonavla), खंडाला (Khandala) और मुंबई के बीच यात्रा के समय में 90 मिनट तक की कमी आने की उम्मीद है। कार से मुंबई और नवी मुंबई के बीच की दूरी केवल 20 मिनट में तय की जा सकेगी। अन्यथा इसमें अभी 2 घंटे तक का समय लगता है।